How To Get Dark Henna Color: सफेद बालों को छिपाने के लिए बार-बार केमिकल हेयर कलर लगाना हर किसी को पसंद नहीं होता. कुछ लोग बालों में मेहंदी लगाना पसंद करते हैं, लेकिन कई बार शिकायत रहती है कि मेहंदी लगाने के बाद भी बालों पर मनचाहा कलर नहीं आता. खासकर सफेद बालों पर मेहंदी का रंग कभी ज्यादा नारंगी तो कभी हल्का लाल दिखाई देता है. ऐसे में अगर आप भी बालों को नेचुरल तरीके से रंगना चाहती हैं, तो मेहंदी लगाने के अपने तरीके में थोड़ा बदलाव कर सकते हैं.
दरअसल, मेहंदी में सिर्फ पानी मिलाकर लगाने के बजाय कुछ घरेलू चीजों से तैयार काढ़े का इस्तेमाल किया जा सकता है. चायपत्ती, चुकंदर, मेथी दाना और लौंग जैसी चीजों को मिलाकर बनाया गया ये मिश्रण बालों पर लाल-भूरा या कॉपर जैसा टिंट पाने में मदद कर सकता है. हालांकि, इससे बालों का रंग कितना गहरा होगा, ये उनके नेचुरल कलर और सफेद बालों की मात्रा पर निर्भर करता है. आइए जानते हैं मेहंदी का पेस्ट तैयार करने और बालों में लगाने का आसान तरीका.
मेहंदी का रंग गहरा करने के लिए पहले तैयार करें देसी काढ़ा
अगर आप चाहते हैं कि मेहंदी का रंग बालों पर अच्छी तरह आए, तो सबसे पहले कुछ घरेलू चीजों की मदद से काढ़ा तैयार कर सकते हैं. इसके लिए आपको बाजार से कोई महंगा प्रोडक्ट खरीदने की जरूरत नहीं है. घर में मौजूद चायपत्ती, मेथी दाना, लौंग और चुकंदर जैसी चीजों का इस्तेमाल किया जा सकता है.
काढ़ा बनाने के लिए इंग्रेडिएंट्स
ऐसे बनाएं काढ़ा: काढ़ा बनाने के लिए सबसे पहले एक पैन में दो गिलास पानी डालें. अब इसमें मेथी दाना, लौंग, चायपत्ती, कत्था और कद्दूकस किया हुआ चुकंदर मिला दें. इस मिश्रण को करीब 10 मिनट तक उबलने दें. जब पानी में इन चीजों का रंग और अर्क अच्छी तरह आ जाए, तो गैस बंद कर दें. मिश्रण को ठंडा होने दें और फिर छानकर अलग रख लें.
ध्यान रखें कि काढ़ा बहुत गर्म न हो. इसे ठंडा करने के बाद ही मेहंदी का पेस्ट बनाने में इस्तेमाल करें.
मेहंदी का पेस्ट तैयार करने का तरीका
1. मेहंदी का रंग अच्छा लाने के लिए पेस्ट सही तरह से बनाना भी बहुत जरूरी है. अगर पेस्ट बहुत पतला होगा, तो इसे बालों में लगाना मुश्किल हो सकता है. वहीं, बहुत गाढ़ा पेस्ट बालों की पूरी लंबाई में आसानी से नहीं फैलता.
2. इसके लिए सबसे पहले बालों की लंबाई और घनेपन के हिसाब से एक बर्तन में हिना पाउडर लें. इसमें थोड़ा सा कॉफी पाउडर मिलाएं. अब तैयार काढ़े को धीरे-धीरे डालते हुए अच्छी तरह मिलाएं, ताकि गांठें न रहें और एक मुलायम पेस्ट तैयार हो जाए.
3. पेस्ट तैयार होने के बाद बर्तन को ढककर कुछ घंटों के लिए रख दें. इससे मेहंदी का रंग छोड़ने के प्रोसेस को समय मिल सकता है. हालांकि, इसे कितनी देर रखना चाहिए, ये इस बात पर निर्भर करता है कि हिना पाउडर कि प्रकार का है. इसलिए पैकेट पर दिए गए इंस्ट्रक्शंस को जरूर देखें.
बालों में मेहंदी लगाने का सही तरीका क्या है?
पेस्ट तैयार हो जाने के बाद इसे साफ और सूखे बालों में लगाया जा सकता है. बालों को छोटे-छोटे हिस्सों में बांट लें और फिर ब्रश या हाथों की मदद से मेहंदी को जड़ों से लेकर लंबाई तक अच्छी तरह लगाएं. सफेद बालों वाले हिस्सों पर पेस्ट समान रूप से लगाना जरूरी है, ताकि कलर एकसमान आ सके.
मेहंदी लगाने के बाद इसे आमतौर पर 2 से 4 घंटे तक रखा जा सकता है. हालांकि, सही समय के लिए महेंदी के पैकेट पर लिखे इंस्ट्रक्शंस को फॉलो करना चाहिए. इसके बाद बालों को सादे पानी से अच्छी तरह धो लें. तुरंत शैंपू करने के बजाय अगले वॉश तक इंतजार किया जा सकता है, बशर्ते इससे स्कैल्प में किसी तरह की परेशानी न हो.
सफेद बालों पर कैसा आएगा रंग?
ये समझना जरूरी है कि मेहंदी कोई ऐसा हेयर कलर नहीं है. ऐसे में ये हर व्यक्ति के बालों पर अलग परिणाम देता है. सफेद बालों पर हिना से अक्सर नारंगी, लाल या कॉपर जैसा रंग दिखाई देता है. वहीं, पहले से काले या भूरे बालों पर इसका असर अलग हो सकता है.
चायपत्ती, कॉफी और चुकंदर जैसी चीजें रंग पर असर डाल सकती हैं, लेकिन इनसे सफेद बाल पूरी तरह काले या एकदम गहरे भूरे हो जाएंगे इसकी गारंटी नहीं है. इसलिए अगर आप पहली बार ये तरीका अपना रहे हैं, तो पहले बालों के पैच टेस्ट करके इसका असर देख लें.
मेहंदी लगाने से पहले इन 3 बातों का रखें ध्यान
1. पहले पैच टेस्ट करें: मेहंदी या उसमें मिलाई जाने वाली किसी भी चीज से एलर्जी हो सकती है. इस्तेमाल से पहले इंस्ट्रक्शंस के मुताबिक पैच टेस्ट करें. बालों के एक छोटे हिस्से पर रंग देखकर भी अंदाजा लगा सकते हैं कि रिजल्ट कैसा होगा.
2. ब्लैक हिना से रहें सावधान: काले रंग की मेहंदी में पीपीडी (PPD) जैसे केमिकल हो सकते हैं, जिनसे कुछ लोगों को तेज एलर्जी हो सकती है. इसलिए सभी इंग्रेडिएंट्स चेक कर लें और अनजान या बिना लेबल वाले प्रोडक्ट से बचें.
3. स्कैल्प की परेशानी को नजरअंदाज न करें: अगर स्कैल्प पर घाव, खुजली या सूजन है, तो मेहंदी लगाने से बचें. किसी तरह की जलन या एलर्जी होने पर इसे तुरंत धो दें और जरूरत पड़ने पर डॉक्टर से सलाह लें.