घर की कितनी भी साफ-सफाई कर ली जाए लेकिन अगर खिड़कियों के कांच गंदे, धुंधले या काले दिखें, तो पूरा घर अव्यवस्थित नजर आता है. हवा, धूल-मिट्टी और बारिश की बौछारों के कारण खिड़कियों के शीशों और उनके कोनों में गंदगी की एक सख्त परत जम जाती है.
इसे साफ करने के चक्कर में कई बार कांच पर स्क्रैच आ जाते हैं या फिर महंगी क्लीनिंग डाइज पर पैसे बर्बाद होते हैं. लेकिन क्या आप जानते हैं कि आपके किचन की अलमारी में रखी कुछ साधारण चीजें जैसे सफेद सिरका और बेकिंग सोडा किसी भी महंगे केमिकल से बेहतर काम करते हैं. आइए जानते हैं कि बिना ज्यादा मेहनत और रगड़े आप अपनी काली हो चुकी खिड़कियों को दोबारा कैसे चमका सकते हैं.
बिना रगड़े खिड़की चमकाने की ट्रिक्स
सफेद सिरके का जादुई स्प्रे: एक स्प्रे बोतल में आधा पानी और आधा सफेद सिरका मिलाएं. इसे खिड़की के गंदे कांच पर स्प्रे करें और 2 मिनट के लिए छोड़ दें. इसके बाद एक साफ सूती कपड़े या माइक्रोफाइबर क्लॉथ से पोंछ लें. सिरके का एसिडिक नेचर बिना रगड़े जिद्दी दागों को काट देता है.
कोनों की काली धूल के लिए बेकिंग सोडा: खिड़कियों के निचले फ्रेम या चैनल्स में जमी काली गंदगी पर थोड़ा सा बेकिंग सोडा छिड़कें और ऊपर से सिरका डाल दें. इसमें होने वाले केमिकल रिएक्शन (झाग) से सारी जमी हुई मैल फूल जाएगी. 5 मिनट बाद एक पुराने टूथब्रश से हल्के हाथों से साफ कर कपड़ा मार दें.
न्यूजपेपर मैजिक: कांच को चमकाने के लिए कपड़े की जगह पुराने अखबार का इस्तेमाल करें. सिरका स्प्रे करने के बाद अखबार को गोल मरोड़कर कांच को साफ करें. अखबार की स्याही और कागज कांच पर मौजूद पानी के दागों को पूरी तरह सोख लेते हैं और शीशा एकदम क्रिस्टल क्लियर हो जाता है.
लिक्विड डिश सोप और गर्म पानी: अगर खिड़की पर तेल या ग्रीस के चिपचिपे दाग हैं, तो गुनगुने पानी में कुछ बूंदें बर्तन धोने वाले लिक्विड सोप की मिलाएं. इस घोल से स्पंज की मदद से कांच को साफ करें और तुरंत सूखे कपड़े से पोंछ दें.
सही समय पर करें सफाई: खिड़कियों की सफाई कभी भी तेज धूप के समय न करें. धूप की वजह से क्लीनिंग लिक्विड कांच पर तुरंत सूख जाता है, जिससे उस पर पानी की बूंदों के अजीब से सफेद दाग बन जाते हैं. सफाई हमेशा सुबह या शाम के वक्त छांव में करें.