अक्सर हमारे बाथरूम में लगे शीशों पर जिद्दी दाग और धब्बे लग जाते हैं जो केवल पानी से साफ नहीं होते. धीरे-धीरे शीशों की चमक धुंधली पड़ जाती है. दरअसल ऐसा हार्ड वाटर (खारा पानी) के कारण होता है जो शीशों पर सफेद जिद्दी दाग छोड़ देता है. ये दाग आसानी से नहीं छूटते. अगर आप भी गंदे और धुंधले शीशों से परेशान हैं तो महंगे क्लीनर्स के बजाय घर में मौजूद चीजों से आप इन्हें मिनटों में क्रिस्टल की तरह साफ कर सकते हैं.
शीशा साफ करने के असरदार तरीके
1. विनेगर और पानी का घोल है असरदार
सफेद सिरका एसिडिक होता है जो पानी के सख्त दागों को तुरंत काट देता है. इसके लिए आप एक स्प्रे बोतल में बराबर मात्रा में पानी और सफेद सिरका मिलाएं. इसे शीशे पर स्प्रे करें और 2-3 मिनट के लिए छोड़ दें. इसके बाद माइक्रोफाइबर कपड़े से पोंछ लें.
2. अखबार का करें इस्तेमाल
क्या आप जानते हैं कि अखबार की स्याही कांच को चमकाने का काम करती है. स्प्रे करने के बाद कपड़े के बजाय अखबार को मोड़कर उससे शीशा साफ करें. इससे शीशे पर एक भी रेशा या निशान नहीं बचेगा.
3. बेकिंग सोडा से साफ करें जिद्दी दाग
अगर शीशे पर पुराने और गहरे दाग हैं, तो बेकिंग सोडा सबसे अच्छा है. थोड़े से बेकिंग सोडा को गीले स्पंज पर लें और दाग वाली जगह पर हल्के हाथ से रगड़ें. फिर साफ पानी से धोकर सूखे कपड़े से पोंछ लें.
4. शेविंग क्रीम से भी कर सकते हैं सफाई
शीशे को धुंधला (Foggy) होने से बचाने के लिए यह बेहतरीन ट्रिक है. शीशे पर थोड़ी सी शेविंग क्रीम लगाएं और सूखे कपड़े से तब तक पोंछें जब तक वह साफ न हो जाए. इससे नहाते समय गर्म पानी की भाप शीशे पर नहीं जमेगी.
5. नींबू और नमक का करें इस्तेमाल
नींबू का रस और नमक मिलाकर इस्तेमाल करने से कांच पर जमी गंदगी और दाग आसानी से हट जाते हैं.