
Holi Stubborn Color Dry Hair Remedies: होली का त्योहार खुशियों, रंगों और मस्ती से भरा होता है, लेकिन इस जश्न के बाद अक्सर बालों की हालत खराब हो जाती है. बाजार में मिलने वाले कई रंगों में केमिकल, डाई और हानिकारक तत्व मिले होते हैं, जो बालों की नेचुरल नमी छीन लेते हैं. जिसकी वजह से बाल रूखे, बेजान, उलझे हुए और कमजोर नजर आने लगते हैं, कई बार तो जिद्दी रंग इतना गहरा बैठ जाता है कि एक-दो बार शैंपू करने के बाद भी पूरी तरह नहीं निकलता.
बार-बार शैंपू करने से ड्राइनेस और बढ़ सकती है, जिससे बाल टूटने और झड़ने लगते हैं. अच्छी बात यह है कि कुछ आसान और प्राकृतिक नुस्खों की मदद से आप जिद्दी होली के रंग को हटाकर अपने बालों को फिर से मुलायम, सिल्की और हेल्दी बना सकते हैं.
होली खेलने के बाद सबसे पहले बालों में हल्का गुनगुना नारियल तेल लगाकर अच्छी तरह मसाज करें. इसे कम से कम 1 से 2 घंटे या रातभर के लिए छोड़ दें. नारियल तेल बालों की जड़ों को पोषण देता है और खोई हुई नमी वापस लाने में आपकी मदद करता है.
दही में मौजूद प्रोटीन और शहद की मॉइश्चराइजिंग प्रॉपर्टीज बालों को मुलायम बनाती हैं. दो चम्मच दही में एक चम्मच शहद मिलाकर बालों में 30 मिनट तक लगाएं. फिर माइल्ड शैंपू से धो लें. इससे बालों की ड्राईनेस कम होगी और नेचुरल शाइन वापस आएगी.

एलोवेरा बालों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है, क्योंकि यह बालों को हाइड्रेट करता है और फ्रिजीनेस कम करता है. ताजा एलोवेरा जेल को सीधे स्कैल्प और बालों में लगाएं. 20 से 30 मिनट बाद धो लें.
अगर बाल ज्यादा डैमेज हो गए हैं, तो एक अंडे में एक चम्मच ऑलिव ऑयल मिलाकर पैक तैयार करें. इस पैक को बालों में 30 से 40 मिनट लगाकर रखें और फिर ठंडे पानी से धो लें. यह पैक बालों को प्रोटीन देता है और उन्हें स्ट्रॉन्ग और सॉफ्ट बनाता है.

होली के बाद हार्श केमिकल वाले शैंपू से बचें, क्योंकि यह बालों को ज्यादा खराब कर देते हैं. उनकी बजाय आप सल्फेट-फ्री माइल्ड शैंपू और डीप कंडीशनर का इस्तेमाल करें ताकि बालों की नमी बरकरार रहे.