Glowing Skin Secrets: आजकल हर कोई चाहता है कि उसका चेहरा साफ, चमकदार और जवान दिखे. ग्लोइंग स्किन पाने के लिए लोग तरह-तरह की महंगी क्रीम, फेस पैक और ब्यूटी प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल करते हैं. जबकि स्किन को चमकदार बनाने के लिए सही डाइट भी उतनी जरूरी है, लेकिन हाल ही में एक्टर और योगा टीचर बिजय जे आनंद ने दावा किया है कि रोजाना एक अनार खाने से भी चेहरे को नेचुरल निखार मिल सकता है.
अपनी लेटेस्ट इंस्टाग्राम पोस्ट में आनंद ने बताया कि उन्होंने अपनी 17 साल की बेटी को रोज एक अनार खाने की सलाह दी थी और कुछ ही समय में उसकी स्किन में अच्छा फर्क दिखाई देने लगा. उन्होंने अनार को आयुर्वेद का रामबाण भी बताया. लेकिन क्या यह बात पूरी तरह सही है? आइए जानते हैं कि इस बारे में एक्सपर्ट क्या कहते हैं.
क्या रोज अनार खाने से त्वचा चमकती है?
KIMS अस्पताल, ठाणे की चीफ डायटीशियन, डॉ. अमरीन शेख के मुताबिक, इस बात में काफी हद तक सच्चाई है. अनार में विटामिन C, एंटीऑक्सीडेंट और पॉलीफेनॉल जैसे पोषक तत्व भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं. ये शरीर में बनने वाले हानिकारक फ्री रेडिकल्स से लड़ते हैं, जो स्किन को समय से पहले बूढ़ा दिखाने लगते हैं. जब बॉडी सेल्स सुरक्षित रहती हैं, तो स्किन भी ताजा, हेल्दी और ग्लोइंग नजर आती है.
अनार को खास क्यों माना जाता है?
अनार सिर्फ चेहरे की चमक ही नहीं बढ़ाता, बल्कि इसमें ऐसे गुण भी होते हैं जो शरीर की सूजन कम करने में मदद करते हैं. यह कोलेजन बनने में भी मदद करता है. कोलेजन एक ऐसा प्रोटीन है जो स्किन को कसा हुआ और जवान बनाए रखने में मदद करते हैं. इसके अलावा अनार में पानी की अच्छी मात्रा होती है, जिससे शरीर हाइड्रेट रहता है और इसका असर चेहरे पर भी दिखाई देता है.
अनार कैसे खाना चाहिए?
डॉ. अमरीन शेख का कहना है कि अनार का पूरा फल खाना सबसे अच्छा तरीका है. इसके दाने नाश्ते में, सलाद में या दाल और सब्जी के ऊपर डालकर भी खाए जा सकते हैं. अगर जूस पीना हो तो बिना चीनी वाला ताजा जूस ही लें, लेकिन पूरे फल से ज्यादा फायदे मिलते हैं क्योंकि उसमें फाइबर भी होता है.
क्या हर किसी के लिए सुरक्षित है?
ज्यादातर लोगों के लिए रोज एक कटोरी अनार खाना सुरक्षित माना जाता है. लेकिन जिन लोगों को किडनी की बीमारी है या जो कुछ खास तरह की दवाइयां लेते हैं, उन्हें अनार को रोज खाने से पहले डॉक्टर की सलाह जरूर लेनी चाहिए. कुछ दवाओं के साथ अनार का असर बदल सकता है.
सिर्फ अनार खाने से नहीं मिलेगा पूरा फायदा
डॉ. शेख का कहना है कि सिर्फ अनार खाने से ही चेहरा नहीं चमकेगा. अच्छी त्वचा के लिए संतुलित भोजन, भरपूर पानी पीना, अच्छी नींद लेना, धूप से बचाव करना और तनाव कम रखना भी उतना ही जरूरी है. अगर खान-पान अच्छा हो लेकिन जीवनशैली खराब हो, तो सिर्फ एक फल से बड़ा बदलाव नहीं आएगा.