फैशन की दुनिया में हर कुछ दिनों में कोई नया ट्रेंड देखने को मिलता है. लेकिन अब फैशन को लेकर एक ऐसी सोच भी लोकप्रिय हो रही है, जिसमें ज्यादा कपड़े खरीदने के बजाय कम कपड़ों से ही अलग-अलग लुक तैयार करने पर जोर दिया जा रहा है. इसे कैप्सूल वॉर्डरोब कहा जाता है. कैप्सूल से यहां मतलब दवाई वाले कैप्सूल से नहीं है. खासकर जेन जी के बीच ये तरीका पसंद किया जा रहा है, क्योंकि इसमें स्टाइल के साथ पैसे और टाइम दोनों बचाए जा सकते हैं.
आखिर क्या है कैप्सूल वॉर्डरोब?
कैप्सूल वॉर्डरोब का मतलब ऐसी अलमारी से है, जिसमें कपड़ों के नंबर सीमित हो, लेकिन हर कपड़े को दूसरे कपड़ों के साथ आसानी से पहना जा सके. इसमें ऐसे कपड़े चुने जाते हैं, जिन्हें अलग-अलग मौकों और तरीकों से स्टाइल किया जा सके.
उदाहरण के लिए अगर आपके पास एक सफेद शर्ट, नीली जींस, काली पैंट, एक स्कर्ट और कुछ नॉर्मल टॉप हैं, तो इन्हीं कपड़ों को अलग-अलग तरह से पहनकर कई आउटफिट बनाए जा सकते हैं. सफेद शर्ट को जींस के साथ पहनने पर कैजुअल लुक मिलेगा, जबकि उसी शर्ट को काली पैंट के साथ पहनकर ऑफिस या किसी औपचारिक जगह के लिए तैयार हुआ जा सकता है.
जेन जी को क्यों पसंद आ रहा है?
सोशल मीडिया ने फैशन को पहले से कहीं ज्यादा तेज बना दिया है. हर दिन नए कपड़े, नए रंग और नए स्टाइल देखने को मिलते हैं. ऐसे में हर ट्रेंड के पीछे भागना महंगा भी पड़ सकता है और अलमारी भी जल्दी भर जाती है.
कैप्सूल वॉर्डरोब इसी समस्या का आसान तरीका देता है. इसमें कुछ ऐसे कपड़े रखे जाते हैं, जो लंबे टाइम तक चलें और जिन्हें कई तरीकों से पहना जा सके. यानी हर नए लुक के लिए नया कपड़ा खरीदने की जरूरत नहीं पड़ती.
कम खरीदारी, ज्यादा इस्तेमाल
इस तरीके में कपड़े खरीदने से पहले ये सोचा जाता है कि वह कितने दूसरे कपड़ों के साथ पहना जा सकता है. अगर कोई कपड़ा सिर्फ एक ही आउटफिट के साथ अच्छा लगता है, तो उसकी जगह ऐसा कपड़ा चुना जाता है जिसे कई तरह से पहना जा सके.
इससे खरीदारी पर होने वाला खर्च कम हो सकता है और अलमारी में ऐसे कपड़े जमा होने से भी बचते हैं, जिन्हें बाद में शायद ही कभी पहना जाए.
ऐसे बनाएं अपनी कैप्सूल अलमारी
इसके लिए सबसे पहले अपनी अलमारी में मौजूद उन कपड़ों को अलग करें जिन्हें आप सबसे ज्यादा पहनते हैं. इसके बाद कुछ बेसिक रंगों के कपड़े रखें, जैसे सफेद, काला, नीला या बेज. इनमें अपनी पसंद के कुछ रंग और प्रिंट भी जोड़े जा सकते हैं.
कपड़ों के साथ जूते, बैग, बेल्ट, चश्मे और ज्वैलरी जैसी चीजों की मदद से एक ही आउटफिट को अलग अंदाज दिया जा सकता है.
यानी कैप्सूल वॉर्डरोब का मतलब फैशन कम करना नहीं, बल्कि कम कपड़ों से ज्यादा स्टाइल निकालना है. यही वजह है कि यह तरीका उन लोगों के बीच जगह बना रहा है, जो फैशन के साथ बजट और समझदारी को भी महत्व देते हैं.