पिछले कुछ समय से जो लोग फिटनेस या अपनी हेल्थ की ओर ध्यान दे रहे हैं वे लोग सलाद के रूप में सब्जियों का अधिक सेवन कर रहे हैं. इसके लिए वो ब्रेकफास्ट, लंच या डिनर में कच्ची सलाद खाते हैं जिसमें अलग-अलग तरह की सब्जियां होती हैं. भले ही उनमें से कुछ सब्जियां खाने में स्वादिष्ट ना हों लेकिन हेल्थ की दृष्टि से उन्हें अधिक खाया जा रहा है. लेकिन क्या आप जानते हैं कि आपकी सेहत बनाने वाली कुछ सब्जियां आपको बीमार बना सकती हैं.
हेल्थ एक्सपर्ट्स और डॉक्टरों का मानना है कि कुछ खास सब्जियों को कभी भी 'रॉ' यानी कच्चा नहीं खाना चाहिए क्योंकि इनमें मौजूद बैक्टीरिया और टॉक्सिन्स इतने खतरनाक हो सकते हैं कि ये आपके दिमाग तक को नुकसान पहुंचा सकते हैं. तो आइए उन सब्जियों के बारे में जानते हैं जिन्हें बिना पकाए नहीं खाना चाहिए.
पालत (Spinach)
पालक को सेहत का खजाना माना जाता है लेकिन इसे कच्चा खाना भारी पड़ सकता है. डॉक्टर बताते हैं कि पालक में ई-कोली जैसे खतरनाक बैक्टीरिया और टेपवर्म (परजीवी) के अंडे हो सकते हैं. ये इतने जिद्दी होते हैं कि कई बार धोने के बाद भी नहीं निकलते. इसे कच्चा खाने से डायरिया और पेट के गंभीर संक्रमण हो सकते हैं. इसके अलावा, कच्चे पालक में ऑक्सलेट्स की मात्रा अधिक होती है जो किडनी की पथरी का खतरा बढ़ा सकते हैं इसलिए पालक को हमेशा उबालकर या पकाकर ही खाएं.
पत्तागोभी (Cabbage)
पत्तागोभी या बंदगोभी को लेकर सबसे ज्यादा सावधानी बरतने की जरूरत है. इसमें टेपवर्म के अंडे होने की संभावना बहुत अधिक होती है. अगर ये अंडे आपके ब्लड स्ट्रीम में मिल जाएं, तो ये सीधे आपके दिमाग तक पहुंच सकते हैं. इससे न्यूरोसिस्टिक सर्कोसिस जैसी गंभीर और जानलेवा बीमारी हो सकती है जिससे दौरे तक पड़ सकते हैं. डॉक्टर सलाह देते हैं कि पत्तागोभी को हमेशा अच्छी तरह धोकर और तेज आंच पर पकाकर ही इस्तेमाल करें ताकि इसमें मौजूद परजीवी मर जाएं.
बैंगन (Brinjal)
अक्सर लोग बैंगन का भर्ता या सब्जी चाव से खाते हैं, लेकिन इसे कभी कच्चा नहीं चखना चाहिए. बैंगन में सोलानिन नाम का एक प्राकृतिक टॉक्सिन पाया जाता है. अगर आप इसे कच्चा खाते हैं, तो इससे जी मिचलाना, उल्टी और पेट से जुड़ी समस्याएं हो सकती हैं. बैंगन को पकाने या स्टीम करने से यह टॉक्सिन पूरी तरह खत्म हो जाता है और यह शरीर के लिए सुरक्षित हो जाता है. पकाने से न केवल बैक्टीरिया मरते हैं, बल्कि सब्जी का पाचन भी आसान हो जाता है.