scorecardresearch
 

Instant Dosa Batter: बिना खमीर उठाए सिर्फ 30 मिनट में बनाएं क्रिस्पी डोसा, नोट कर लें यह सीक्रेट रेसिपी

क्रिस्पी डोसा खाने का मन है पर बैटर तैयार नहीं? अब फर्मेंटेशन के लिए घंटों इंतजार करने का झंझट खत्म. सोशल मीडिया पर वायरल इस अनोखी रेसिपी से सिर्फ 30 मिनट में बिना यीस्ट या खमीर उठाए बाजार जैसा कुरकुरा डोसा घर पर तैयार करें.

Advertisement
X
बिना खमीर उठाए भी डोसा बनाया जा सकता है. (Photo: ITG)
बिना खमीर उठाए भी डोसा बनाया जा सकता है. (Photo: ITG)

Instant Dosa Batter: साउथ इंडियन फूड खाने के शौकीनों के लिए डोसा पहली पसंद होता है. सुबह का ब्रेकफास्ट हो या रात का डिनर, गरमा-गरम और क्रिस्पी डोसा देखते ही मुंह में पानी आ जाता है लेकिन घर पर परफेक्ट डोसा बनाना इतना आसान नहीं होता. इसके लिए ट्रेडिशनल तरीके से चावल और उड़द दाल को भिगोने, पीसने और फिर 12 से 24 घंटे तक खमीर (फर्मेंटेशन) उठने का इंतजार करना पड़ता है.

कई बार जब अचानक डोसा खाने की क्रेविंग होती है तो डोसा बनाना संभव नहीं हो पाता क्योंकि उसकी प्रोसेस इतनी लंबी होती है. इस लंबे प्रोसेस की वजह से लोग अपना मन मार लेते हैं या फिर मार्केट से रेडीमेड बैटर मंगवाते हैं. लेकिन आज हम आपको एक ऐसी तरीका बता रहे हैं जिसमें आपको डोसा के बैटर में फर्मेंटेशन की जरूरत नहीं है.

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ कमाल का हैक

दरअसल, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर @JustPunforfun नाम के एक यूजर ने इस आसान डोसा बैटर की रेसिपी शेयर की है. यह रेसिपी उन लोगों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है जो वर्किंग हैं या जिनके पास कुकिंग के लिए ज्यादा समय नहीं होता. इस रेसिपी की सबसे खास बात यह है कि इसमें इस्तेमाल होने वाली सभी चीजें आपकी किचन में ही मौजूद होती हैं. आपको बाहर से कोई स्पेशल सामान लाने की जरूरत नहीं पड़ेगी. यह बैटर न सिर्फ जल्दी बनता है बल्कि इससे बनने वाला डोसा बेहद क्रिस्पी और स्वादिष्ट भी होता है.

बैटर बनाने के लिए चाहिए यह जरूरी चीजें

इंस्टेंट डोसा बैटर को तैयार करने के लिए आपको एक कप मूंग दाल, एक कप चना दाल और एक कप समा के चावल की जरूरत होगी. इसके साथ ही स्वाद और परफेक्ट टेक्सचर के लिए दो उबले हुए आलू, दो हरी मिर्च, मुट्ठी भर कढ़ी पत्ता, एक छोटा चम्मच हींग, एक छोटा चम्मच अजवाइन और स्वादानुसार नमक की जरूरत पड़ेगी. इन बेसिक ऑपशंस के साथ आप मार्केट से भी बेहतर रिजल्ट घर पर पा सकते हैं.

Advertisement

फॉलो करें ये सिंपल स्टेप्स

इसे बनाने का तरीका बेहद आसान है. सबसे पहले मूंग दाल, चना दाल और समा के चावल को एक साथ मिलाकर पानी में सिर्फ 30 मिनट के लिए भिगो दें. इसके बाद इन्हें अच्छे से धोकर साफ कर लें. अब मिक्सी के जार में भीगी हुई दाल-चावल डालें और साथ में उबले आलू, हरी मिर्च, कढ़ी पत्ता, हींग, अजवाइन और नमक मिक्स कर लें.

इसमें जरूरत के मुताबिक थोड़ा पानी डालकर इसे अच्छे से ब्लेंड कर लें ताकि एक स्मूथ और बहने वाली कंसिस्टेंसी का बैटर तैयार हो जाए. बस आपका इंस्टेंट डोसा बैटर तैयार है. अब तवे को गर्म करें, थोड़ा सा तेल छिड़कें और चमचे से बैटर फैलाकर दोनों तरफ से क्रिस्पी होने तक सेंक लें. इसे आप मूंगफली या टमाटर की तीखी चटनी के साथ पेयर करके सर्व कर सकते हैं.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement