scorecardresearch
 

Masala Chai Recipe: बारिश के मौसम में इस तरह बनाएं कड़क मसाला चाय, हर घूंट में आएगा टपरी जैसा स्वाद; शेफ कुणाल ने बताया तरीका

Monsoon Masala Chai Recipe: बारिश के सुहाने मौसम में अगर घर की चाय में टपरी वाला स्वाद नहीं आ पाता, तो आजमाएं सेलिब्रिटी शेफ कुणाल कपूर की यह सीक्रेट मसाला चाय रेसिपी. इस खबर में हम जानेंगे घर पर खुशबूदार चाय मसाला बनाने का सही तरीका और वो खास टिप्स, जिससे आपकी चाय कभी कड़वी नहीं होगी और हर घूंट में परफेक्ट स्वाद मिलेगा.

Advertisement
X
बारिश के मौसम का मजा दोगुना करने के लिए चाय स्पेशल मसाला डालने की जरूरत है. (Photo: ITG)
बारिश के मौसम का मजा दोगुना करने के लिए चाय स्पेशल मसाला डालने की जरूरत है. (Photo: ITG)

बरसात का मौसम हो, बाहर हल्की-हल्की बारिश हो रही हो और हाथ में गर्मागर्म कड़क मसाला चाय का कप हो, तो शाम और भी खुशनुमा हो जाती है. बारिश के मौसम में चाय पीने का मजा दोगुना हो जाता है. ये बरसात के खुशनुमा मौसम में ना केवल मजा देती है, बल्कि सुकून का भी एहसास कराती है. लेकिन जरूरी नहीं कि आप जितने मन से चाय बनाएं वो उतनी ही बढ़िया बने.

कई बार घर पर बनाई गई मसाला चाय या तो ज्यादा कड़वी हो जाती है या फिर उसमें वो टपरी वाला खास स्वाद नहीं आ पाता. अगर आपके साथ भी ऐसा होता है, तो परेशान ना हों. सेलिब्रिटी शेफ कुणाल कपूर ने परफेक्ट मसाला चाय बनाने की ऐसी रेसिपी शेयर की है, जिससे चाय का हर घूंट खुशबू, स्वाद और मसालों के बेहतरीन कॉम्बिनेशन बन जाएगा. आइए जानते हैं बारिश के मौसम की शाम को कैसे टपरी जैसी कड़क मसाला चाय के साथ और ज्यादा हसीन और खुशनुमा बनाया जा सकता है.

मसाला चाय का असली राज क्या है?
शेफ कुणाल कपूर के मुताबिक मसाला चाय सिर्फ दूध, चायपत्ती और मसाले मिलाकर बनाने का नाम नहीं है. वो कहते हैं कि हर मसाले का अपना अलग स्वाद और काम होता है. अगर मसालों को गलत समय पर डाल दिया जाए या ज्यादा उबाल दिया जाए, तो चाय कड़वी हो सकती है. इसलिए मसाला चाय में मिठास और तीखेपन का सही बैलेंस होना बहुत जरूरी है.

चाय मसाला बनाने के लिए क्या-क्या चाहिए?

  • 4-5 हरी इलायची
  • 3-4 लौंग
  • 5-6 काली मिर्च
  • 1 दालचीनी स्टिक
  • थोड़ा सा जायफल
  • 1 चम्मच सौंफ
  • थोड़ा सा सूखा अदरक पाउडर (सोंठ)
  • कुछ सूखी गुलाब की पंखुड़ियां

कैसे तैयार करें चाय का मसाला?

1. चाय का मसाला बनाने के लिए सबसे पहले इलायची, लौंग, काली मिर्च, दालचीनी, जायफल और सौंफ को धीमी आंच पर हल्का सा रोस्ट कर लें. लेकिन ध्यान रखें कि मसालों का रंग न बदले, सिर्फ उनकी नमी निकलनी चाहिए.

2. इसके बाद गैस बंद कर दें और गर्म मसालों में सूखी गुलाब की पंखुड़ियां डाल दें. इससे गुलाब भी हल्का सूख जाएगा और उसे पीसना आसान हो जाएगा.

3. जब भुने मसाले थोड़े ठंडे हो जाएं उसके बाद उन्हें दरदरा कूट लें और आखिर में थोड़ा सा अदरक पाउडर मिलाकर अच्छी तरह मिक्स कर लें. बस आपका खुशबूदार चाय मसाला तैयार है.

कैसे बनाएं टपरी जैसी परफेक्ट मसाला चाय?

इंग्रेडिएंट्स

Advertisement
  • 1 कप पानी
  • 1 कप दूध
  • 1 से 2 चम्मच चायपत्ती
  • स्वादानुसार चीनी
  • तैयार किया हुआ मसाला

बनाने का तरीका

1. सबसे पहले चाय बनाने के लिए एक पैन लें. उसमें 1 कप पानी डालें और उबाल आने दें.

2. जब पानी में उबाल आ जाए, तब उसमें चायपत्ती और चीनी डालकर कुछ देर पकाएं. इस समय मसाले न डालें, क्योंकि ज्यादा देर उबलने पर उनका स्वाद कड़वा हो सकता है.

3. इसके बाद दूध डालें और आंच तेज कर दें. अब तैयार किया हुआ मसाला अपने स्वादानुसार मिलाएं.

4. चाय को बस उतना ही उबालें, जितना स्वाद और रंग आने के लिए जरूरी हो. ज्यादा उबालने से मसालों की खुशबू कम हो सकती है और स्वाद कड़वा हो सकता है.

5. बस जब चाय पक जाए, तब उसे छानकर गर्मागर्म कप में सर्व करें. आप इस कड़क मसाला चाय का मजा पकौड़ों के साथ ले सकते हैं.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement