Lachha Paratha Recipe: घर पर बनाएं होटल जैसा क्रिस्पी लच्छा पराठा, स्वाद ऐसा कि हर कोई करेगा तारीफ
Lachha Paratha Recipe: होटल या ढाबे पर मिलने वाला लच्छा पराठा अपनी क्रिस्पी परतों और स्वाद की वजह से हर किसी का फेवरेट होता है. आज हम आपको घर पर होटल जैसा खस्ता और लच्छेदार पराठा बनाने की आसान रेसिपी बताएंगे.
Advertisement
X
घर पर मिनटों में ऐसे तैयार करें परतदार लच्छा पराठा (Photo-ITG)
Lachha Paratha Recipe: जब भी हम बाहर होटल या ढाबे पर खाना खाने जाते हैं तो दाल मखनी या कड़ाही पनीर के साथ गरमा-गरम लच्छा पराठा हमारी पहली पसंद होता है. इसकी क्रिस्पी परतें और घी का स्वाद खाने का मजा दोगुना कर देते हैं. ऐसे में कई बार मन में यह ख्याल आता है कि काश होटल जैसा लच्छा पराठा हम घर पर ही बना पाते. अगर आप भी ऐसा सोचते हैं तो आज हम आपको होटल जैसा एकदम खस्ता और परफेक्ट लच्छा पराठा बनाने का आसान तरीका बताएंगे. इसका स्वाद इतना लाजवाब होगा कि एक बार खाने के बाद आप इसे बार-बार बनाना पसंद करेंगे.
इंग्रेडिएंट्स (ingredients)
1/2 कप आटा
1/2 कप मैदा
3 बड़े चम्मच घी या तेल
1/2 कप दूध
1 छोटा चम्मच चीनी
नमक स्वादानुसार
लच्छा पराठा बनाने के लिए सबसे पहले एक बड़े बर्तन में आटा, मैदा और स्वादानुसार नमक डालकर अच्छी तरह मिक्स कर लें. फिर इसमें तेल और दूध डालें.
अब थोड़ा-थोड़ा पानी मिलाते हुए सॉफ्ट आटा गूंद लें. आटा तैयार होने के बाद इसे कपड़े से ढककर लगभग 20 मिनट के लिए रख दें.
तय समय बाद आटे को एक बार फिर अच्छी तरह गूंदकर चिकना कर लें और इसकी बराबर आकार की लोइयां बना लें.
अब एक लोई लेकर उस पर सूखा आटा लगाएं और मोटी रोटी बेल लें. इसके ऊपर थोड़ा सा तेल लगाकर फैलाएं और हल्का सा सूखा आटा छिड़क दें.
अब रोटी को कागज की तरह फोल्ड करें. ध्यान रखें कि इसे रोल नहीं करना है. इसके बाद रोटी के दोनों सिरों को पकड़कर हल्का खींचें ताकि वह लंबी हो जाए. फिर इसे जलेबी की तरह गोल-गोल घुमाकर रोल बना लें.
अब तवा या नॉनस्टिक पैन को मीडियम गैस पर गर्म करें. इस बीच तैयार लोई को हल्के हाथों से बेलकर थोड़ा मोटा पराठा तैयार कर लें.
पराठे को गर्म तवे पर डालें और कुछ सेकंड बाद पलट दें. फिर दोनों तरफ तेल लगाकर सुनहरा और क्रिस्पी होने तक सेंकें.
जब पराठा अच्छे से सिक जाए तो उसे प्लेट में निकाल लें. आखिर में पराठे को दोनों हथेलियों के बीच हल्का सा मसल दें, इससे उसकी परतें अलग-अलग और ज्यादा लच्छेदार हो जाएंगी.
इसी तरह बाकी लोइयों से भी पराठे तैयार कर लें. तैयार पराठे को सब्जी या चटनी के साथ परोसें.