Gehu Atta Chakli Recipe: चावल या बेसन नहीं, इस बार गेहूं के आटे से बनाएं बाजार जैसी क्रिस्पी चकली, नोट करें आसान रेसिपी
Gehu Atta Chakli Recipe: गेहूं के आटे से बनी चकली स्वाद में बेहद कुरकुरी और चटपटी होती है. इसे बनाने के लिए आपको ज्यादा चीजों की जरूरत नहीं पड़ेगी. शाम की चाय हो या दिवाली का त्योहार, घर पर बनी यह चकली हर मौके पर स्नैक्स का मजा बढ़ा देगी.
Advertisement
X
घर पर बनाएं गेहूं के आटे की कुरकुरी चकली (Photo- ITG)
Gehu Atta Chakli Recipe: दिवाली हो या शाम की चाय, कुरकुरे स्नैक्स खाने का मन अक्सर करता है. ऐसे में चकली एक अच्छा ऑप्शन हो सकती है. आमतौर पर चकली चावल के आटे या बेसन से बनाई जाती है लेकिन क्या आपने कभी गेहूं के आटे की चकली ट्राई की है. यह खाने में काफी टेस्टी और कुरकुरी होती है. इसे बनाने के लिए आपको घर में मौजूद कुछ साधारण चीजों की जरूरत पड़ेगी.
इसमें गेहूं के आटे के साथ तिल और मसालों का इस्तेमाल किया जाता है, जिससे इसका स्वाद और भी अच्छा हो जाता है. आप इसे घर पर बनाकर चाय के साथ खा सकते हैं या त्योहारों पर मेहमानों को भी परोस सकते हैं. आइए जानते हैं गेहूं के आटे की चकली बनाने की आसान रेसिपी.
सबसे पहले गेहूं के आटे को एक साफ मलमल के कपड़े में डालकर अच्छी तरह बांध लें. अब इसे गर्म स्टीमर में करीब 15 मिनट तक पकाएं. इसके बाद कपड़े से आटा निकाल लें और थोड़ा ठंडा होने दें. स्टीम होने के बाद आटा सख्त हो जाएगा.
अब इस आटे को छोटे-छोटे टुकड़ों में तोड़ लें और मिक्सर में डालकर बारीक पीस लें. तैयार पाउडर को एक बड़े बाउल में निकालें. इसमें हल्दी, लाल मिर्च पाउडर, हरी मिर्च का पेस्ट, अदरक का पेस्ट, धनिया पाउडर, हींग, तेल और नमक डालकर अच्छी तरह मिला लें.
अब थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए नरम आटा गूंथ लें. ध्यान रखें कि आटा न ज्यादा सख्त हो और न ही बहुत ढीला. तैयार आटे को दो बराबर हिस्सों में बांट लें.
इसके बाद चकली बनाने वाली मशीन में आटे का एक हिस्सा भरें और उसका ढक्कन बंद कर दें. अब एक साफ थाली या समतल बोर्ड पर मशीन को गोल घुमाते हुए चकली का आकार दें. इसी तरह बाकी आटे से भी चकली तैयार कर लें. चकली को हल्के हाथ से दबाकर उसका सिरा अच्छी तरह बंद कर दें, ताकि तलते समय उसका आकार न बिगड़े.
अब एक गहरी कड़ाही में तेल गर्म करें. तेल गर्म होने पर इसमें कुछ चकलियां डालें और मध्यम आंच पर दोनों तरफ से सुनहरा और कुरकुरा होने तक तलें. ध्यान रखें कि कड़ाही में एक साथ बहुत सारी चकलियां न डालें. इन्हें निकालकर टिश्यू पेपर पर रख दें, ताकि अतिरिक्त तेल निकल जाए.
चकली को पूरी तरह ठंडा होने दें. इसके बाद इन्हें एयरटाइट डिब्बे में भरकर रख लें. आपकी कुरकुरी गेहूं के आटे की चकली तैयार है. इसे शाम की चाय के साथ परोसें और इसके स्वाद का मजा लें.