Panpathi Roti Recipe: चकला-बेलन से नहीं, पानी से हाथों पर फैलाकर बनती है ये पारंपरिक रोटी, जानें बनाने का आासन तरीका
Panpathi Roti Recipe: रोज की नॉर्मल रोटी से अगर आप कुछ अलग और टेस्टी ट्राई करना चाहते हैं तो पनपथी रोटी बना सकते हैं. इसे बेलने की बजाय हाथों पर पानी लगाकर फैलाया जाता है और घी लगाकर दाल या सब्जी के साथ सर्व किया जाता है.
Panpathi Roti Recipe: रोटी भारतीय खाने का अहम हिस्सा है और इसे हर घर में अलग-अलग तरीके से बनाया जाता है. अगर आप रोज की नॉर्मल रोटी से कुछ अलग ट्राई करना चाहते हैं तो पनपथी रोटी बना सकते हैं. इसे पानी के हाथ की रोटी भी कहते हैं. यह एक पारंपरिक रोटी है, जिसे बेलने के बजाय हाथों पर पानी लगाकर धीरे-धीरे फैलाकर तैयार किया जाता है. इसमें गेहूं के आटे के साथ बेसन और अजवाइन का इस्तेमाल होता है, जिससे इसका स्वाद थोड़ा अलग और टेस्टी लगता है. पुराने जमाने में इसे चूल्हे पर बनाया जाता था लेकिन आप बड़े आसानी से इसे गैस पर भी बना सकते हैं. इसे तवे पर सेंकने के बाद घी लगाकर दाल या सब्जी के साथ गरमा-गरम सर्व करें. तो आइए जानते हैं गैस पर पनपथी रोटी बनाने का आसान तरीका.
इंग्रेडिएंट्स (Ingredients)
2 कप गेहूं का आटा (300 ग्राम)
आधा कप बेसन (50 ग्राम)
2 बड़ी चम्मच घी
आधी छोटी चम्मच अजवाइन
2 छोटी चम्मच तेल
आधी छोटी चम्मच से थोड़ा ज्यादा नमक
करीब 1 कप हल्का गर्म पानी
सबसे पहले एक बड़े बर्तन में गेहूं का आटा, बेसन, अजवाइन, नमक और तेल डालकर अच्छी तरह मिला लें. अब इसमें थोड़ा-थोड़ा करके हल्का गर्म पानी डालें और आटा गूंथ लें. पनपथी रोटी के लिए आटा नॉर्मल चपाती के आटे से थोड़ा सख्त रखें.
आटा गूंथने के बाद इसे ढककर लगभग 20 मिनट के लिए रख दें, ताकि आटा अच्छी तरह सेट हो जाए. 20 मिनट बाद आटे को निकालकर एक बार फिर हल्का सा मसल लें.
अब आटे का एक हिस्सा तोड़कर हाथों से मसलते हुए गोल लोई बना लें. इसके बाद दोनों हाथों पर थोड़ा पानी लगाएं. लोई को एक हथेली पर रखें और दूसरी हाथ की उंगलियों और अंगूठे की मदद से लोई के किनारों को दबाते हुए धीरे-धीरे बड़ा करें.
जब लोई थोड़ी बड़ी हो जाए तो इसे दोनों हथेलियों के बीच रखकर हल्के हाथों से दबाते हुए पतला करें. इसे जितना पतला आसानी से कर सकें, उतना फैलाएं. ध्यान रखें कि रोटी बहुत ज्यादा पतली न हो, वरना इसे तवे पर डालते समय टूट सकती है.
अब गर्म तवे पर तैयार रोटी डालें और इसे हल्का सा सेंक लें. जब रोटी एक तरफ से हल्की सिक जाए तो इसे पलट दें और दूसरी तरफ से भी ब्राउन होने तक सेंकें.
जब रोटी दोनों तरफ से अच्छी तरह सिक जाए तो तवे को गैस से हटा दें और रोटी को सीधे धीमी-मध्यम आंच पर रखें. इसे दोनों तरफ से अच्छी तरह ब्राउन होने तक सेंक लें. रोटी सिक जाने के बाद इसके ऊपर थोड़ा घी लगाएं.
इसी तरह बाकी आटे से भी पनपथी रोटियां तैयार कर लें. इसे आप अपनी पसंद की किसी भी सब्जी या दाल के साथ गर्मागर्म सर्व कर सकते हैं. रोटी पर घी लगाकर खाने से इसका स्वाद और भी बढ़ जाता है.
अगर आप चाहें तो पनपथी रोटी को सिर्फ गेहूं के आटे से भी बना सकते हैं.