Litti Chokha Recipe: चूल्हा-तंदूर नहीं है तो क्या हुआ! प्रेशर कुकर में ऐसे बनाएं खस्ता लिट्टी-चोखा
Litti Chokha Recipe: आज हम आपको घर पर प्रेशर कुकर में बाजार जैसी लिट्टी-चोखा बनाने का आसान तरीका बताएंगे. इस तरीके से आप बिना चूल्हे या तंदूर के भी स्वादिष्ट लिट्टी तैयार कर सकते हैं. कुकर में बनी लिट्टी बाहर से खस्ता और अंदर से सत्तू की मसालेदार स्टफिंग से भरपूर होती है.
Advertisement
X
चूल्हा-तवा छोड़ प्रेशर कुकर में बनाएं लिट्टी-चोखा (Photo- ITG)
Litti Chokha Recipe: ठंड के मौसम में गरमा-गरम लिट्टी-चोखा खाने का अपना अलग ही मजा है. सत्तू की मसालेदार स्टफिंग से भरी लिट्टी और ऊपर से लगा घी, इसका स्वाद हर किसी को पसंद आता है. आमतौर पर लिट्टी बनाने के लिए चूल्हे या तवे का इस्तेमाल किया जाता है लेकिन क्या आप जानते हैं कि इसे प्रेशर कुकर में भी आसानी से बनाया जा सकता है. जी हां, अगर आपके पास लिट्टी बनाने के लिए चूल्हा या तंदूर नहीं है तो परेशान होने की जरूरत नहीं है. आप प्रेशर कुकर की मदद से घर पर भी खस्ता और टेस्टी लिट्टी तैयार कर सकते हैं. आइए जानते हैं इसकी आसान रेसिपी.
सबसे पहले एक बर्तन में गेहूं का आटा लें. इसमें नमक और घी डालकर अच्छी तरह मिला लें. अब थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए थोड़ा सख्त आटा गूंथ लें. इसे लगभग 10 मिनट के लिए ढककर रख दें.
अब सत्तू की स्टफिंग तैयार करें. इसके लिए एक बाउल में सत्तू लें. इसमें बारीक कटा लहसुन, अदरक, हरी मिर्च, प्याज, नींबू का रस, अजवाइन, कलौंजी, सरसों का तेल और नमक डालें. चाहें तो इसमें थोड़ा अचार का मसाला भी मिला सकते हैं. सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाकर रख लें.
इसके बाद आटे की मीडियम साइज की लोइयां बना लें. हर लोई को हाथ से थोड़ा दबाकर बीच में जगह बनाएं और उसमें सत्तू की स्टफिंग भर दें. अब आटे को चारों तरफ से बंद करके गोल आकार दे दें. इसी तरह सारी लिट्टियां तैयार कर लें.
अब प्रेशर कुकर में 2 बड़े चम्मच तेल डालकर हल्का गर्म करें. ध्यान रखें कि कुकर की रबड़ और सीटी पहले ही निकाल दें. अब कुकर में तैयार लिट्टियां रखें और ढक्कन बंद कर दें. धीमी आंच पर इन्हें पकाएं. बीच-बीच में कुकर को सावधानी से हल्का घुमाते रहें, ताकि लिट्टियां सभी तरफ से अच्छी तरह पक सकें. लगभग 10-15 मिनट में लिट्टियां सुनहरी और खस्ता हो जाएंगी.
बैंगन का चोखा बनाने के लिए इंग्रेडिएंट्स
Advertisement
1 बैंगन
2 टमाटर
2 लहसुन की कलियां
आधा बारीक कटा प्याज
आधा छोटा चम्मच बारीक कटा अदरक
2 बारीक कटी हरी मिर्च
आधा छोटा चम्मच सरसों का तेल
1 बड़ा चम्मच बारीक कटा हरा धनिया
स्वादानुसार नमक
चोखा बनाने का आसान तरीका
चोखा बनाने के लिए सबसे पहले बैंगन और टमाटर को गैस पर अच्छी तरह भून लें. बैंगन में हल्का चीरा लगाकर उसमें लहसुन और हरी मिर्च भर दें. इससे चोखे में अच्छा स्वाद और खुशबू आएगी. भुनने के बाद बैंगन और टमाटर को ठंडा होने दें.
अब इनका छिलका उतारकर एक बाउल में डालें और अच्छी तरह मैश कर लें. इसमें प्याज, अदरक, सरसों का तेल, नमक और हरा धनिया डालकर मिला लें. आपका स्वादिष्ट बैंगन-टमाटर का चोखा तैयार है.
लिट्टी बनाते समय इन बातों का रखें ध्यान
लिट्टी के लिए आटा थोड़ा सख्त गूंथें, ताकि पकाते समय इसका आकार न बिगड़े.
सत्तू की स्टफिंग में पानी न डालें, वरना वह गीली हो सकती है.
कुकर में लिट्टी बनाते समय उसकी सीटी और रबड़ निकालना न भूलें.
लिट्टी को बीच-बीच में घुमाते रहें, ताकि वह चारों तरफ से पक सके.
तैयार लिट्टी पर घी लगाकर ही परोसें. इससे इसका स्वाद और भी बढ़ जाता है.
अब गरमा-गरम लिट्टी को बैंगन-टमाटर के चोखे और बारीक कटे प्याज के साथ परोसें. ठंड के मौसम में यह देसी स्वाद पूरे परिवार को खूब पसंद आएगा.