Lauki Paratha Recipe: लौकी की सब्जी देख बच्चे बनाते हैं मुंह? बनाकर खिलाएं इसका क्रिस्पी पराठा, मांग-मांगकर खाएंगे!
Lauki Paratha Recipe: अगर आपके घर में भी बच्चे लौकी खाने में आनाकानी करते हैं तो इस बार नाश्ते में उन्हें लौकी का टेस्टी और क्रिस्पी पराठा बनाकर खिला सकते हैं. प्याज, मसालों और गेहूं के आटे से तैयार यह पराठा बनाने में आसान है. इसे आप दही, चटनी या अचार के साथ परोस सकते हैं.
Lauki Paratha Recipe: लौकी एक हेल्दी सब्जी है लेकिन कई बार घर में इसकी सब्जी बनते ही बच्चे ही नहीं, बड़े भी खाने में आनाकानी करने लगते हैं. ऐसे में आप लौकी से कुछ नया और टेस्टी बना सकते हैं. लौकी का पराठा एक ऐसा ही ऑप्शन है जो खाने में टेस्टी होने के साथ बनाने में भी आसान है. इसे आप सुबह के नाश्ते में दही, अचार या चटनी के साथ परोस सकते हैं. इसमें लौकी के साथ प्याज और कई मसालों का स्वाद भी मिलता है. तो आइए जानते हैं लौकी का पराठा कैसे बनता है और इसे बनाने के लिए किन-किन चीजों की जरूरत होती है.
इंग्रेडिएंट्स (ingredients)
1 लौकी
2 कटोरी गेहूं का आटा
1 प्याज
1 छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
1 छोटा चम्मच धनिया पाउडर
1 छोटा चम्मच जीरा
2 बड़े चम्मच कटी हुई हरी धनिया पत्ती
नमक स्वादानुसार
तेल जरूरत के मुताबिक
लौकी का पराठा बनाने के लिए सबसे पहले लौकी को छीलकर अच्छी तरह धो लें. इसके बाद इसे कद्दूकस कर लें. अब प्याज को बारीक काट लें और कद्दूकस की हुई लौकी में मिला दें.
इस मिश्रण में लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर, जीरा, कटी हुई हरी धनिया पत्ती और स्वादानुसार नमक डालें. सभी चीजों को अच्छी तरह मिला लें. अब इसमें गेहूं का आटा डालकर नरम आटा गूंथ लें. ध्यान रखें कि लौकी पानी छोड़ती है, इसलिए आटा गूंथते समय पानी डालने की जरूरत नहीं पड़ सकती है. अगर आटा ज्यादा गीला हो जाए, तो थोड़ा और आटा मिला सकते हैं.
अब गूंथे हुए आटे को ढककर 10 से 15 मिनट के लिए रख दें. इसके बाद आटे की छोटी-छोटी लोइयां बना लें. एक लोई लेकर उसे सूखे आटे की मदद से गोल पराठे के आकार में बेल लें.
अब तवे को गर्म करें और उस पर थोड़ा तेल लगाएं. बेला हुआ पराठा तवे पर डालें और कुछ देर पकने दें. फिर इसे पलटकर दूसरी तरफ भी तेल लगाएं. पराठे को दोनों तरफ से सुनहरा और कुरकुरा होने तक सेंक लें. इसी तरह बाकी पराठे भी तैयार कर लें.
गरमा-गरम लौकी के पराठे तैयार हैं. इन्हें दही, हरी चटनी या अचार के साथ परोस सकते हैं. सुबह के नाश्ते में यह स्वादिष्ट विकल्प हो सकता है. अगर घर में बच्चे लौकी की सब्जी खाने से मना करते हैं, तो उन्हें इस तरह लौकी का पराठा बनाकर खिलाया जा सकता है.