Rajasthani Mawa Kachori: त्योहारों का मजा होगा दोगुना, जब घर पर बनाएंगे जोधपुर की मशहूर मावा कचौड़ी, नोट करें रेसिपी
Rajasthani Mawa Kachori: जोधपुर की मशहूर मावा कचौड़ी एक ऐसी मिठाई है, जिसका स्वाद हर किसी को पसंद आ सकता है. बाहर से कुरकुरी और अंदर से मावे व ड्राई फ्रूट्स की मीठी स्टफिंग वाली इस कचौड़ी को आप त्योहारों या किसी खास मौके पर घर पर आसानी से बना सकते हैं.
Advertisement
X
घर पर बनाएं जोधपुर की मशहूर मावा कचौड़ी (Photo- ITG)
Rajasthani Mawa Kachori: कचौड़ी का नाम सुनते ही ज्यादातर लोगों के मन में चटपटी और मसालेदार कचौड़ी का ख्याल आता है. लेकिन क्या आपने कभी मीठी कचौड़ी खाई है. अगर नहीं तो इस बार राजस्थान की मशहूर मावा कचौड़ी जरूर ट्राई करें. जोधपुर की मावा कचौड़ी अपने लाजवाब स्वाद के लिए काफी मशहूर है. बाहर से कुरकुरी और अंदर से मावा, ड्राई फ्रूट्स और इलायची की खुशबू से भरी यह मिठाई खाने में बेहद टेस्टी लगती है.
इसमें मैदे की परत के अंदर मीठे मावे और सूखे मेवों की स्टफिंग भरी जाती है. इसके बाद इसे घी में सुनहरा और कुरकुरा होने तक तला जाता है और फिर मीठी चाशनी में डुबोया जाता है. त्योहार हो या घर में कोई खास मौका, आप इस मिठाई को बनाकर मेहमानों को भी खिला सकते हैं. अच्छी बात यह है कि इसे घर पर बनाने के लिए बहुत ज्यादा चीजों की जरूरत नहीं होती. आइए जानते हैं जोधपुर की मशहूर मावा कचौड़ी बनाने की आसान रेसिपी और इसमें इस्तेमाल होने वाली चीजों के बारे में.
सबसे पहले एक बड़े बर्तन में मैदा, देसी घी और चुटकीभर नमक डालकर अच्छी तरह मिला लें. अब इसमें जरूरत के हिसाब से थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए सख्त आटा गूंथ लें. आटे को ढककर करीब 10 मिनट के लिए रख दें.
अब एक बाउल में मावा लेकर उसे अच्छी तरह मसल लें. इसमें बादाम, पिस्ता, किशमिश, इलायची पाउडर और चीनी डालकर मिला लें. इसके बाद इसमें केसर डालें. आपकी मावा कचौड़ी की मीठी स्टफिंग तैयार है.
अब आटे की छोटी-छोटी लोइयां बना लें और उन्हें हल्का बेल लें. इनके बीच में मावे की स्टफिंग रखें और चारों तरफ से किनारों को मिलाकर अच्छी तरह बंद कर दें. इसे हल्के हाथों से दबाकर कचौड़ी का आकार दें, ताकि तलते समय स्टफिंग बाहर न निकले.
इसके बाद कड़ाही में देसी घी गर्म करें. घी गर्म होने पर कचौड़ियों को धीमी आंच पर डालें और पलट-पलटकर सुनहरा और कुरकुरा होने तक तल लें. इन्हें निकालकर एक प्लेट में रख दें.
अब चाशनी बनाने के लिए एक पैन में चीनी और पानी डालें. इसे करीब 7-8 मिनट तक पकाएं. जब चाशनी तैयार हो जाए तो इसमें केसर डालकर मिला दें.
आखिर में एक प्लेट में तैयार मावा कचौड़ी रखें और ऊपर से चाशनी डालें. चाहें तो कटे हुए बादाम और पिस्ता से गार्निश भी कर सकते हैं. तैयार है जोधपुर की मशहूर मीठी मावा कचौड़ी. इसे घर आए मेहमानों या परिवार के लोगों को सर्व करें और राजस्थानी मिठास का मजा लें.