scorecardresearch
 

टूटी मटकी से ऐसे बनाएं खूबसूरत मिनी गार्डन, सस्ते में होगा तैयार; बालकनी में लग जाएंगे चार-चांद

टूटी मटकी या पुराने मिट्टी के गमले को फेंकने के बजाय उससे घर पर खूबसूरत मिनी गार्डन बना सकते हैं. छोटे-छोटे पौधों, मिट्टी के टुकड़ों से बनी सीढ़ियों और रंग-बिरंगे कंकड़ों की मदद से इसे अट्रैक्टिव दिया जा सकता है. आज हम आपको बताएंगे कि मिनी गार्डन बनाने के लिए किन चीजों की जरूरत होगी, इसे बनाने का आसान तरीका क्या है और पौधों की देखभाल कैसे करें.

Advertisement
X
टूटी मटकी से गार्डन बनाने के लिए आपको छोटी-छोटी चीजों की जरूरत होगी. (Photo: ITG)
टूटी मटकी से गार्डन बनाने के लिए आपको छोटी-छोटी चीजों की जरूरत होगी. (Photo: ITG)

घर को खूबसूरत बनाने के लिए जरूरी नहीं कि आप महंगे गमले, डेकोरेटिव पौधे या शोपीस खरीदने पर पैसे खर्च करें. कई बार घर में पड़ी बेकार चीजें भी आपके घर की सुंदरता बढ़ा सकते हैं. आपने अक्सर देखा होगा कि जिन लोगों को गार्डनिंग का शौक होता है उन्हें बार-बार बाजार से गमले खरीदने पड़ते हैं. बाजार से गमले महंगे आते हैं, ऐसे में जब इनमें से कोई टूट जाता है तो उसे फेंकने का मन नहीं करता है. अगर आपके घर पर भी कोई टूटा मिट्टी का गमला या पुरानी मटकी रखी है, तो उसे फेंकने की गलती ना करे. इसी टूटी मटकी को छोटे-छोटे पौधों, रंग-बिरंगे पत्थरों और खूबसूरत सीढ़ियों से सजाकर एक मिनी गार्डन बना दिया जा सकता है, जो बेहद सुंदर लगता है. 

खास बात ये है कि इस गार्डन को बनाने के लिए आपको न तो नया गमला खरीदने की जरूरत है और न ही घर में ज्यादा जगह की. आप इसे अपनी बालकनी, छत, खिड़की के पास या घर के किसी रोशन कोने में रख सकते हैं. ये देखने में किसी छोटी पहाड़ी या परियों के घर जैसा लगेगा. आइए जानते हैं कि टूटी मटकी से ऐसा खूबसूरत मिनी गार्डन कैसे बनाया जा सकता है और इसके लिए किन चीजों की जरूरत होगी.

टूटी मटकी से मिनी गार्डन बनाने के लिए क्या-क्या चाहिए?
इस DIY गार्डन को बनाने के लिए ज्यादातर चीजें आपको घर पर ही मिल जाएंगी. इसके लिए आपको इन सामानों की जरूरत होगी.

  • एक बड़ी टूटी हुई मिट्टी की मटकी या गमला
  • मटकी के टूटे हुए छोटे-बड़े टुकड़े
  • गार्डनिंग के दस्ताने
  • गमले में लगाने के लिए मिट्टी
  • कोकोपीट और थोड़ी वर्मीकंपोस्ट खाद
  • छोटे कंकड़ या गिट्टी
  • छोटे पौधे, जैसे जेड प्लांट, सेडम या दूसरे सकुलेंट्स
  • सजावट के लिए सफेद पत्थर, बारीक रेत और छोटे कंकड़
  • छोटा खिलौना घर या सजावटी सामान (इच्छानुसार)
  • पानी देने के लिए स्प्रे बोतल

बनाने का तरीका:

1. 
सबसे पहले टूटी हुई मटकी या मिट्टी के गमले को अच्छी तरह साफ कर लें. उसमें मिट्टी, काई या गंदगी जमा हो, तो उसे हटा दें. इसके बाद उसके टूटे हुए टुकड़ों को अलग-अलग रख लें. ध्यान रहे कि मटकी के सभी टुकड़े फेंकने नहीं हैं, क्योंकि इन्हीं से गार्डन में छोटी-छोटी सीढ़ियां और अलग-अलग लेवल बनाए जाएंगे. गमले के नीचे पानी निकलने के लिए छेद होना भी जरूरी है, ताकि पानी जमा होकर पौधों की जड़ों को नुकसान न पहुंचाए.

2. अब मटकी के नीचे के हिस्से में मिट्टी भरें. मिट्टी ऐसी होनी चाहिए, जिसमें पानी जमा न हो. इसके लिए नॉर्मल गार्डन की मिट्टी में थोड़ा कोकोपीट, वर्मीकंपोस्ट और बारीक कंकड़ मिला सकते हैं.

Advertisement

3. इसके बाद मटकी के बड़े टूटे हुए टुकड़े को मिट्टी में थोड़ा तिरछा लगाएं. ये एक छोटी दीवार की तरह काम करेगा. अब इसके आगे और ऊपर की तरफ मिट्टी के छोटे टुकड़े लगाकर सीढ़ियों जैसी शेप बनाएं. इन्हें मिट्टी में अच्छी तरह दबाएं, ताकि वे हिलें नहीं.

4. आप चाहें तो सीढ़ियों को सीधा बनाने के बजाय थोड़ा घुमावदार भी रख सकते हैं. इससे गार्डन पहाड़ी रास्ते जैसा दिखेगा. ध्यान रहे कि टुकड़ों को इस तरह लगाएं कि मिट्टी और पानी के निकलने का रास्ता पूरी तरह बंद न हो.

5. अब गार्डन में हरियाली भरने की बारी है. इसके लिए ऐसे छोटे पौधे चुनें, जिन्हें ज्यादा पानी की जरूरत नहीं होती. जेड प्लांट, सेडम और एचेवेरिया जैसे सकुलेंट्स इस तरह के मिनी गार्डन के लिए अच्छे ऑप्शन हो सकते हैं.

6. मटकी के ऊपर के हिस्से में ऐसे पौधे लगाएं, जिन्हें थोड़ी ज्यादा रोशनी मिल सके. बीच की सीढ़ियों और किनारों पर छोटे पौधे लगाकर जगह को खूबसूरत बनाया जा सकता है. पौधे लगाते समय उनकी जड़ों को नुकसान न पहुंचाएं और मिट्टी को हल्के हाथों से दबा दें.

7. एक जरूरी बात ये है कि सभी पौधों की पानी और धूप की जरूरत एक जैसी नहीं होती. इसलिए एक ही मटकी में ऐसे पौधे लगाएं, जिनकी देखभाल की जरूरतें आपस में मिलती हों. सकुलेंट्स के साथ ज्यादा पानी पसंद करने वाले पौधे लगाने से बचें.

8. मिनी गार्डन तैयार होने के बाद इसे सजाने की बारी आती है. सीढ़ियों के आसपास छोटे सफेद कंकड़ बिछाएं. चाहें तो बारीक रेत से एक छोटा रास्ता भी बना सकते हैं. इससे ऐसा लगेगा, जैसे पहाड़ी के बीच से कोई रास्ता गुजर रहा हो.

Advertisement

9. गार्डन के ऊपर के हिस्से में छोटा-सा खिलौने वाला घर रख सकते हैं. अगर आपके पास कोई पुराना खिलौना है, तो उसका भी इस्तेमाल कर सकते हैं. पौधों के बीच छोटे पत्थर रखकर इसे और अट्रैक्टिव बनाया जा सकता है.

10. अगर आप इसे थोड़ा अलग लुक देना चाहते हैं, तो मटकी के बाहर भी नेचुरल कलर्स से डेकोरेशन कर सकते हैं. हालांकि, मिट्टी के गमले को पूरी तरह पेंट करने से पहले ध्यान रखें कि इस्तेमाल किया गया रंग पौधों और मिट्टी के लिए सेफ हो.

मिनी गार्डन को सही जगह पर रखें
मिनी गार्डन बनाना ही काफी नहीं है, उसकी सही देखभाल भी जरूरी है. इसे ऐसी जगह रखें जहां पौधों को उनकी जरूरत के मुताबिक रोशनी मिलती रहे. सकुलेंट्स के पौधों को तेज दोपहर की धूप से बचाकर रखें, खासकर तब जब उन्हें सीधी धूप में रहने की आदत न हो.

पानी देने से पहले मिट्टी को छूकर देखें. अगर मिट्टी में नमी है, तो तुरंत पानी न डालें. सकुलेंट्स को जरूरत से ज्यादा पानी देने पर उनकी जड़ें सड़ सकती हैं. पानी डालते समय स्प्रे बोतल या छोटी बोतल का इस्तेमाल करें, ताकि मिट्टी और कंकड़ों से बना रास्ता खराब न हो.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement