
Sophie Dhawan First Karwa Chauth: क्रिकेट की फील्ड पर गेंदबाजों के छक्के छुड़ाने वाले शिखर धवन पिछले काफी समय से अपनी निजी जिंदगी को लेकर चर्चा में हैं. शिखर ने इस साल 21 फरवरी 2026 को सोफी शाइन से दूसरी शादी रचाई थी. ऐसे में 29 अक्टूबर (आज) सोफी पहली बार अपने पति शिखर धवन के लिए करवा चौथ का व्रत रख रही हैं. करवा चौथ का त्योहार शादीशुदा महिलाओं के लिए बेहद खास होता है, लेकिन जब शादी के बाद पहली बार यह व्रत रखने की बात हो, तो इसकी खुशी और भी बढ़ जाती है. कुछ ऐसा ही खास मौका है क्रिकेटर शिखर धवन की पत्नी सोफी का, जो अपने पहले करवा चौथ के लिए सोलह श्रृंगार कर सजती-संवरती नजर आईं.
हाथों में रची गहरी मेहंदी, गले में मंगलसूत्र, माथे पर छोटी सी बिंदी और गुलाबी रंग के खूबसूरत एथनिक सूट में सोफी का अंदाज देखते ही बन रहा है. उनके इस ट्रेडिशनल लुक की सबसे खास बात है हाथों पर बना मेहंदी का डिजाइन, जिसमें पति शिखर धवन का नाम भी शामिल है. तस्वीरों में सोफी की खूबसूरती के साथ-साथ 'गब्बर' के लिए उनका प्यार भी साफ झलक रहा है.
गुलाबी सूट में सोफी का खूबसूरत लुक
पहले करवा चौथ के लिए सोफी ने लाइट पिंक कलर का खूबसूरत एथनिक सूट चुना. सूट को बारीक गोटा-पत्ती और एम्ब्रॉयडरी वर्क से सजाया गया है, जो उनके लुक को खास बना रहा है. गुलाबी रंग के इस आउटफिट में वह बेहद ग्रेसफुल नजर आ रही हैं. त्योहार के मौके पर उन्होंने अपने लुक को जरूरत से ज्यादा हैवी बनाने के बजाय सादगी और एलिगेंस के साथ स्टाइल किया.

गले में मंगलसूत्र पहन लुक किया कंप्लीट
सोफी ने अपने बालों को कर्ल करते हुए खुला रखा, जो उनके लुक में नेचुरल खूबसूरती जोड़ रहा था. सोफी का सूट ही इतना खूबसूरत था कि उन्होंने अपने मेकअप को मिनिमल रखा. माथे पर छोटी सी बिंदी और कानों में ट्रेडिशनल झुमके उनके चेहरे की चमक बढ़ा रहे हैं. गले में मंगलसूत्र और हाथों में सजी मेहंदी ने उनके इस लुक को करवा चौथ के लिए परफेक्ट बना दिया.

हाथों में रचाई चांद देखती महिला मेहंदी, लिखा शिखर का नाम
सोफी के पहले करवा चौथ के लुक में सबसे ज्यादा ध्यान उनकी मेहंदी खींच रही है. उन्होंने अपने हाथों पर ऐसा डिजाइन बनवाया है, जिसमें करवा चौथ की झलक के साथ पति के लिए प्यार भी नजर आता है. उनकी हथेलियों पर बना डिजाइन इस मेहंदी को और खास बना रही हैं.
एक हथेली पर छलनी से चांद को निहारती महिला का खूबसूरत डिजाइन बनाया गया है. इसके आसपास चांद-सितारों के छोटे-छोटे डिजाइन हैं, जो करवा चौथ की परंपरा को बयां करते हैं. वहीं, दूसरी हथेली पर कलश और मटके जैसा डिजाइन बनाया गया है, जिसके ऊपर इंग्लिश में 'Shikhar' लिखा नजर आता है. पति का नाम मेहंदी में शामिल कर सोफी ने अपने पहले करवा चौथ को और भी यादगार बना दिया.
हाथों के पिछले हिस्से पर बना 'S', बारीक डिजाइन ने खींचा ध्यान
सोफी के हाथों के पिछले हिस्से पर भी बेहद खूबसूरत और बारीक मेहंदी डिजाइन बनाया गया है. इसमें जाल जैसा पैटर्न, पत्तियों की बेल और ट्रेडिशनल अरेबिक स्टाइल की झलक देखने को मिलती है.

इस डिजाइन के बीच में 'S' अक्षर भी बनाया गया है, जो शिखर धवन के नाम से जुड़ा है. बारीक बेल-बूटों और खूबसूरत पैटर्न के साथ ये अक्षर मेहंदी को खास टच दे रहा है.