Indian Models at Victoria Secret: 18 अक्टूबर को हुआ विक्टोरियाज सीक्रेट फैशन शो 2026 अभी तक खूब सुर्खियों में है. खासतौर पर रियल्टी टीवी स्टार और बिजनस वुमन काइली जेनर के 450 करोड़ की ब्रा पहनकर वॉक करने पर विक्टोरिया सीक्रेट्स का फैशन शो की भारत समेत दुनिया भर में खूब चर्चा हो रही है लेकिन क्या आप जानते हैं कि दुनिया के सबसे बड़े फैशन शो में शामिल विक्टोरिया सीक्रेट फैशन शो में दो भारतीय मॉडल्स भी हिस्सा बनीं
इस ग्रैंड इवेंट में बिजनसवुमन काइली जेनर और जीजी हदीद जैसी दिग्गज सुपरमॉडल के बीच इन दो भारतीय मूल की मॉडल्स ने ऐसा जलवा बिखेरा कि सबकी निगाहें उन्हीं पर टिक गईं.
हम बात कर रहे हैं रवलीन वर्गीस और नीलम गिल की जिन्होंने अपनी सुंदरता, कॉन्फिडेंस और ग्रेस से इंटरनेशनल रनवे पर इतिहास रच दिया. इन दोनों ने अपनी खूबसूरती और कातिलाना अंदाज से ग्लोबल फैशन इंडस्ट्री में भारत का परचम लहरा दिया है.
कौन हैं ये दोनों मॉडल्स
कैलिफोर्निया के कल्वर सिटी स्थित सोनी पिक्चर्स स्टूडियो में 18 अक्टूबर को आयोजित इस शो में मॉडलिंग जगत की कई बड़ी हस्तियां शामिल हुईं, जिनमें जीजी हदीद, बेला हदीद, एड्रियाना लीमा और कैंडिस स्वानपोल जैसी सुपरमॉडल्स ने वॉक की. शानदार विंग्स, आकर्षक लॉन्जरी, लाइव परफॉरमेंस और फ्रंट रो में मौजूद सितारों से सजे इस शो के जरिए ब्रांड ने अपने सिग्नेचर रैंप इवेंट की वापसी को और मजबूत किया.
इस ग्लैमर के बीच भारतीय मूल की दो मॉडलों ने अपनी छाप छोड़ी.
रवलीन वर्गीस ने विक्टोरियाज सीक्रेट में किया डेब्यू
रवलीन वर्गीस के लिए 2026 का विक्टोरियाज सीक्रेट फैशन शो उनके मॉडलिंग करियर का एक बड़ा पड़ाव रहा. एक ऐसा करियर जो लगभग संयोग से शुरू हुआ था. केरल के कोडुमोन की रहने वाली 25 वर्षीय रवलीन ने इस साल शो में डेब्यू किया और दो अलग-अलग लुक्स में रैंप पर वॉक किया.
पहली बार वो गुलाबी रंग के लेस वाले लॉन्जरी सेट में नजर आईं, जबकि दूसरी बार उन्होंने ब्लैक-एंड-व्हाइट आउटफिट पहना था. अपनी दूसरी वॉक के दौरान वो मॉडल लूजा पेरोटे और मलिका अल मसलोही के साथ रैंप पर दिखीं.
लॉस एंजिल्स तक रवलीन वर्गीस का सफर अंतरराष्ट्रीय फैशन जगत से काफी दूर शुरू हुआ था. 18 साल की उम्र में वो नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फैशन टेक्नोलॉजी (NIFT) में डिजाइन की पढ़ाई करने के लिए दिल्ली आ गईं. मॉडलिंग उनके शुरुआती प्लान का हिस्सा नहीं थी लेकिन अनिमा क्रिएटिव मैनेजमेंट ने उन्हें खोज निकाला, जिससे उनके लिए एक ऐसे करियर के रास्ते खुल गए जिसकी उन्होंने कभी कल्पना भी नहीं की थी.
तब से उन्होंने फैशन, ब्यूटी और एडिटोरियल प्रोजेक्ट्स में लगातार अपना पोर्टफोलियो बनाया है. 2022 में उन्होंने न्यूयॉर्क फैशन वीक में डेब्यू किया, अंतरराष्ट्रीय ब्रांड्स के साथ काम किया और मशहूर भारतीय डिजाइनर सब्यसाची के लिए भी मॉडलिंग की है.
नीलम गिल तीसरी बार विक्टोरियाज सीक्रेट शो में पहुंचीं
रवलीन वर्गीस अपना डेब्यू कर रही थीं, वहीं नीलम गिल एक जानी-पहचानी जगह पर वापस लौट रही थीं. भारतीय मूल की इस ब्रिटिश मॉडल ने लगातार तीसरी बार विक्टोरियाज सीक्रेट फैशन शो में रैंप वॉक किया. इससे पहले वो 2024 और 2025 में भी इसमें शामिल हो चुकी थीं.
शो में नीलम ने पहनी थी खास ड्रेस
ब्रिटिश-पंजाबी सुपरमॉडल नीलम गिल ने विक्टोरियाज सीक्रेट फैशन शो के रनवे पर भारतीय शैली से प्रेरित एक आकर्षक आउटफिट पहना था. उन्होंने एक चमकीले मैजेंटा रंग की लेस ब्रालेट पहनी थी जो कलर-ब्लॉकिंग इफेक्ट देती दिख रही थी.
उनके कमर के हिस्से पर कई परतों वाली, बारीक सोने की बॉडी चेन सजी थी जिसके बीच में एक गोल मेडलियन लगा था जिस पर विक्टोरियाज सीक्रेट का लोगो बना था.
उन्होंने इसके साथ ट्रांसपेरेंट, फ्लेयर्ड लैवेंडर लेस पैंट पहनी थी जिन पर मल्टीकलर रत्नों की कढ़ाई और मोतियों का काम था. साथ ही सामने की जेबों और कूल्हों के पास टैसल लगे थे.
इस लुक को कंप्लीट करने के लिए उन्होंने नियॉन-पीले रंग के बड़े-बड़े हूप इयररिंग्स पहने थे.
27 अप्रैल 1995 को इंग्लैंड में जन्मीं नीलम गिल के माता-पिता पंजाब से हैं और वो सिख समुदाय से ताल्लुक रखते हैं. गिल ने महज 13 साल की उम्र में द क्लोद्स शो लाइव के साथ अपने मॉडलिंग सफर की शुरुआत की थी.