scorecardresearch
 

क्या सच में सांप करते हैं खजाने की रखवाली... देते हैं पहरा

भारत में सांपों को लेकर कई तरह के डर और अंधविश्वास हैं. वाइल्डलाइफ SOS के सीनियर प्रेस ऑफिसर और स्नेक एक्सपर्ट श्रेष्ठ पचौरी ने बताया कि सांप कब हमला करता है और क्या नमक डालने से सांप भागता है. चलिए जानते हैं.

Advertisement
X
सांपों से जुड़े मिथकों और सच पर स्नेक एक्सपर्ट ने दी जानकारी.  (Photo: AI)
सांपों से जुड़े मिथकों और सच पर स्नेक एक्सपर्ट ने दी जानकारी. (Photo: AI)

भारत में सांपों को लेकर लोगों के मन में हमेशा डर, रहस्य और कई तरह की मान्यताएं रही हैं. गांवों से लेकर शहरों तक, सांप दिखते ही लोग घबरा जाते हैं. किसी को लगता है कि हर काला सांप जहरीला होता है, तो कोई मानता है कि सांप इंसान को देखते ही पीछा करता है. वहीं कुछ लोग यह भी कहते हैं कि सांप जमीन के नीचे छिपे खजाने की रक्षा करते हैं. लेकिन इन बातों में कितनी सच्चाई है और कितना भ्रम? इन्हीं सवालों को समझने के लिए हमने वाइल्डलाइफ SOS के सीनियर प्रेस ऑफिसर और स्नेक एक्सपर्ट श्रेष्ठ पचौरी से बातचीत की. आइए जानते हैं सांप से जुड़े कुछ सवालों के जवाब.

क्या भारत में जहरीले सांप मिलते हैं?
हां, भारत में कई तरह के जहरीले सांप पाए जाते हैं. भारत दुनिया के उन देशों में शामिल है जहां सांपों की प्रजातियां काफी ज्यादा हैं. यहां करीब 300 से ज्यादा प्रजातियों के सांप पाए जाते हैं, लेकिन इनमें से बहुत कम सांप ऐसे हैं जो इंसानों के लिए बेहद खतरनाक माने जाते हैं. भारत में सबसे ज्यादा मौतों के लिए जिम्मेदार चार जहरीले सांपों को बिग फोर कहा जाता है. इनमें इंडियन कोबरा, कॉमन करैत, रसेल वाइपर और सॉ-स्केल्ड वाइपर शामिल है. एक्सपर्ट के मुताबिक, ज्यादातर सांप जहरीले नहीं होते. लेकिन लोगों को जानकारी न होने की वजह से हर सांप से डर लगता है.

गाड़ी में क्यों छिप जाते हैं सांप?
बरसात या गर्मी के मौसम में अक्सर सांप गाड़ियों में छिपे मिल जाते हैं. इसकी सबसे बड़ी वजह सुरक्षित और गर्म जगह की तलाश होती है. एक्सपर्ट बताते हैं कि कार का इंजन बंद होने के बाद भी कुछ समय तक गर्म रहता है. सांप ठंडे खून वाले जीव होते हैं, इसलिए वे शरीर का तापमान खुद नियंत्रित नहीं कर पाते. ऐसे में उन्हें गर्म जगह पसंद आती है, इसके अलावा गाड़ी के नीचे अंधेरा और सुरक्षित माहौल मिलता है, इसलिए वे वहां छिप जाते हैं.

Advertisement

क्या सांप इंसान से डरते हैं?
हां, ज्यादातर सांप इंसानों से डरते हैं. स्नेक एक्सपर्ट श्रेष्ठा पचौरी कहते हैं कि सांप बिना वजह इंसान पर हमला नहीं करते. वे खुद को बचाने के लिए काटते हैं. सांप इंसानों को अपना शिकार नहीं मानते. जब कोई इंसान अचानक उनके पास पहुंच जाता है, पैर रख देता है या उन्हें छेड़ता है, तब वे डरकर हमला कर सकते हैं. अधिकतर मामलों में सांप इंसान को देखकर भागने की कोशिश करता है.

किन परिस्थितियों में सांप काटता है?
श्रेष्ठ पचौरी ने बताया कि सांप आमतौर पर कई स्थितियों में काट सकता है. जैसे- जब कोई उस पर पैर रख दे या जब उसे पकड़ने या मारने की कोशिश करें तो सांप काट सकता है. इसके साथ ही जब वह खुद को खतरे में महसूस करता है तो काट सकता है. विशेषज्ञ कहते हैं कि ज्यादातर स्नेक बाइट दुर्घटनावश होते हैं, जानबूझकर नहीं.

क्या हर काला सांप खतरनाक होता है?
नहीं. यह सबसे बड़ा भ्रम है. हर काला सांप जहरीला नहीं होता. भारत में कई गैर-जहरीले सांप भी काले रंग के होते हैं. उदाहरण के लिए रैट स्नेक कई बार गहरे रंग का दिखाई देता है लेकिन वह जहरीला नहीं होता. वहीं कॉमन करैत काला और बेहद जहरीला होता है, इसलिए सिर्फ रंग देखकर फैसला करना गलत है.

Advertisement

क्या कोबरा से भी ज्यादा खतरनाक सांप होता है?
एक्सपर्ट के अनुसार कुछ सांप कोबरा से भी ज्यादा खतरनाक माने जाते हैं. भारत में कॉमन करैत और रसेल वाइपर को बेहद खतरनाक माना जाता है. कॉमन करैत का जहर बहुत शक्तिशाली होता है. कई बार काटने का दर्द भी महसूस नहीं होता और व्यक्ति सोते-सोते गंभीर हालत में पहुंच सकता है. रसेल वाइपर का जहर शरीर के खून और अंगों पर असर डालता है. यह भारत में बड़ी संख्या में स्नेक बाइट मामलों के लिए जिम्मेदार माना जाता है.

क्या सांप दूर से जहर फेंक सकता है?
भारत में पाए जाने वाले ज्यादातर सांप ऐसा नहीं कर सकते. लेकिन दुनिया में कुछ प्रजातियां ऐसी हैं जिन्हें 'स्पिटिंग कोबरा' कहा जाता है. वे अपने दुश्मन की आंखों की ओर जहर फेंक सकते हैं. हालांकि भारत में यह प्रजाति आमतौर पर नहीं पाई जाती. यहां के कोबरा काटकर ही जहर छोड़ते हैं.

एक्सपर्ट के अनुसार, अगर घर में सांप दिख जाए तो घबराएं नहीं और न ही सांप को छेड़ें. उस वक्त आपको सांप से दूी बनाकर रखना है. इसके साथ ही बच्चों और पालतू जानवरों को दूर रखें और तुरंत स्नेक रेस्क्यू टीम या वन विभाग को बुलाएं. विशेषज्ञों के अनुसार, सांप को मारने की कोशिश सबसे खतरनाक गलती होती है.

Advertisement

क्या सांप किसी को देखकर भाग जाता है?
सांप आमतौर पर इंसानों और बड़े जानवरों से दूर भागने की कोशिश करता है. वह खुद को बचाने के लिए शांत जगह ढूंढता है. हालांकि अगर उसे लगे कि रास्ता बंद है या हमला होने वाला है, तब वह फन फैलाकर डराने की कोशिश कर सकता है.

क्या नमक डालते ही सांप भाग जाता है?
श्रेष्ठ पचौरी ने बताया कि यह सिर्फ एक मिथक है. नमक डालने से सांप नहीं भागता. एक्सपर्ट के मुताबिक, नमक का असर सांप पर वैसे नहीं होता जैसे लोग सोचते हैं. इसलिए सोशल मीडिया या पुराने घरेलू नुस्खों पर भरोसा करना खतरनाक हो सकता है.

जमीन के नीचे कैसे रहते हैं सांप?
कई सांप जमीन के नीचे बिलों में रहते हैं. वे अक्सर खुद बिल नहीं बनाते, बल्कि चूहों या दूसरे जानवरों के छोड़े हुए बिलों का इस्तेमाल करते हैं. बिलों के अंदर हवा आने-जाने के छोटे रास्ते होते हैं, जिससे उन्हें ऑक्सीजन मिलती रहती है. सांप लंबे समय तक कम ऑक्सीजन में भी रह सकते हैं क्योंकि उनका शरीर ऊर्जा कम खर्च करता है.

क्या सांप सच में खजाने की रक्षा करते हैं?
एक्सपर्ट के अनुसार,  इसका कोई वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है. भारत में लंबे समय से यह मान्यता रही है कि सांप जमीन के नीचे दबे धन या खजाने की रक्षा करते हैं. विशेषज्ञ इसे पूरी तरह अंधविश्वास बताते हैं. असल में सांप उन जगहों पर रहते हैं जहां उन्हें सुरक्षित माहौल, नमी और शिकार मिलता है, पुराने खंडहर, जमीन के नीचे बने कमरे या बंद जगहें सांपों को पसंद आती हैं. इसी वजह से लोगों ने समय के साथ ऐसी कहानियां बना ली.

Advertisement

बारिश में ज्यादा क्यों दिखते हैं सांप?
मानसून के दौरान बिलों में पानी भर जाता है. ऐसे में सांप बाहर निकलने लगते हैं. यही कारण है कि बरसात में घरों, खेतों और सड़कों पर सांप ज्यादा दिखाई देते हैं. इसके अलावा इस मौसम में चूहे और दूसरे छोटे जीव भी ज्यादा सक्रिय होते हैं, इसलिए सांप शिकार की तलाश में बाहर आते हैं;

सांप सुन सकता है क्या?
सांप इंसानों की तरह कान से आवाज नहीं सुनता. लेकिन वह जमीन में होने वाले कंपन को महसूस कर लेता है. यही वजह है कि तेज कदमों की आहट या जमीन पर कंपन होते ही वह सतर्क हो जाता है.

अगर सांप काट ले तो क्या करें?
एक्सपर्ट के मुताबिक सांप के काटने के बाद घबराएं नहीं. सबसे पहले काटी हुई जगह को ज्यादा हिलने न दें. वहां पर एक कपड़ा बांध दें और तुरंत अस्पताल ले जाएं. झाड़-फूंक या घरेलू इलाज पर भरोसा न करें.

आखिर सांपों से इतना डर क्यों?
श्रेष्ठ पचौरी ने बताया कि डर की सबसे बड़ी वजह जानकारी की कमी है. फिल्मों, कहानियों और अंधविश्वासों ने सांपों को रहस्यमयी और खतरनाक बना दिया है. असल में सांप पर्यावरण के लिए बेहद जरूरी हैं. वे चूहों की संख्या नियंत्रित करते हैं और खेती को नुकसान से बचाते हैं. अगर सांप न हों तो खेतों में चूहों की संख्या तेजी से बढ़ सकती है. सांपों को लेकर समाज में जितना डर है, उतने ही भ्रम भी हैं. सच यह है कि हर सांप जहरीला नहीं होता और ज्यादातर सांप इंसानों से दूर रहना चाहते हैं. सही जानकारी और सावधानी से स्नेक बाइट जैसी घटनाओं से बचा जा सकता है. एक्सपर्ट का कहना है कि अगर कभी सांप दिखे तो घबराने के बजाय समझदारी से काम लें. 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement