scorecardresearch
 

कितने की है पेंट करने वाली मशीन? खुद ही 4 घंटे में कर लेंगे एक कमरे में कलर

पेंट स्प्रे मशीन की मदद से आप खुद भी घर की दीवारों पर रंग कर सकते हैं. जानिए यह मशीन कितने रुपये की आती है, कैसे काम करती है और कमरे की पेंटिंग में कितना समय लग सकता है.

Advertisement
X
पेंट करने वाली मशीन की कीमत उसके आकार, पावर और काम करने के तरीके पर निर्भर करती है. ( Photo: ITG)
पेंट करने वाली मशीन की कीमत उसके आकार, पावर और काम करने के तरीके पर निर्भर करती है. ( Photo: ITG)

घर में पेंटिंग करवानी हो तो सबसे पहले पेंटर ढूंढना पड़ता है. फिर उसकी मजदूरी, पेंट का खर्च और कई दिनों तक घर में होने वाली परेशानी. लेकिन अब एक ऐसी मशीन भी आती है, जिसकी मदद से आप खुद अपने घर की दीवारों पर पेंट कर सकते हैं. इसे पेंट स्प्रे मशीन कहते हैं. यह दीवारों पर पेंट को स्प्रे करके फैलाती है, जिससे रंग करने का काम आसान हो सकता है. अगर आप भी अपने कमरे को नया लुक देना चाहते हैं और पेंटिंग पर होने वाला खर्च बचाना चाहते हैं, तो यह मशीन आपके काम आ सकती है. हालांकि, इसे इस्तेमाल करने से पहले इसकी कीमत, काम करने का तरीका और कुछ जरूरी बातों को समझना जरूरी है.

क्या होती है पेंट करने वाली मशीन?
पेंट स्प्रे मशीन में पेंट डालकर दीवारों पर छिड़का जाता है. इसमें एक मोटर और स्प्रे गन होती है. मशीन पेंट को छोटी-छोटी बूंदों के रूप में दीवार पर फैलाती है. इससे ब्रश या रोलर की तरह बार-बार हाथ चलाने की जरूरत कम हो सकती है. इस मशीन का इस्तेमाल दीवारों के अलावा दरवाजों, फर्नीचर और दूसरी सतहों पर भी किया जा सकता है. हालांकि, हर मशीन में एक ही तरह का पेंट इस्तेमाल नहीं किया जा सकता. इसलिए खरीदने से पहले यह देखना जरूरी है कि मशीन पर किस तरह का पेंट इस्तेमाल किया जा सकता है.

कितने रुपये की आती है पेंट करने वाली मशीन?
पेंट करने वाली मशीन की कीमत उसके आकार, पावर और काम करने के तरीके पर निर्भर करती है. ऑनलाइन बाजार में छोटे इलेक्ट्रिक पेंट स्प्रेयर करीब 1,800 से 2,100 रुपये के आसपास मिल रहे हैं. वहीं, दीवारों पर बड़े स्तर पर पेंट करने वाली मशीनों की कीमत इससे काफी ज्यादा हो सकती है. अगर आप सिर्फ अपने घर के एक कमरे की पेंटिंग करना चाहते हैं, तो छोटी मशीन भी आपके काम आ सकती है. लेकिन खरीदने से पहले मशीन की क्षमता, पेंट की टंकी और उसके साथ मिलने वाले सामान की जानकारी जरूर लें.

Advertisement

क्या 4 घंटे में पेंट हो जाएगा पूरा कमरा?
मशीन से पेंट करने में ब्रश या रोलर के मुकाबले समय बच सकता है. हर कमरे की पेंटिंग कमरे का आकार, दीवारों की हालत, पेंट की परतों और काम करने वाले व्यक्ति के अनुभव की अहम भूमिका होती है. अगर दीवारों पर पहले से पेंट है और उनकी हालत अच्छी है, तो काम जल्दी हो सकता है. लेकिन दीवारों पर दरारें हैं, पपड़ी निकल रही है या पुट्टी और घिसाई की जरूरत है, तो इसमें ज्यादा समय लगेगा. पेंट की हर परत को सूखने के लिए भी समय देना पड़ता है.

मशीन से पेंट करने से पहले इन बातों का रखें ध्यान

फर्श और सामान को ढकें: पेंट की छोटी बूंदें आसपास के सामान पर भी पड़ सकती हैं. इसलिए फर्नीचर, खिड़कियों और फर्श को अच्छी तरह ढक दें.

दीवार साफ करें: दीवार पर धूल, गंदगी या पुराना उखड़ा हुआ पेंट है, तो पहले उसे ठीक करें.

पेंट की जानकारी लें: मशीन में वही पेंट इस्तेमाल करें, जिसके लिए उसे बनाया गया है. पेंट को कितना पतला करना है, यह भी निर्देशों के अनुसार तय करें.

सुरक्षा का ध्यान रखें: पेंट करते समय चश्मा और सही मास्क पहनें. कमरे में हवा आने-जाने की व्यवस्था रखें और मशीन के इस्तेमाल से जुड़े निर्देश पढ़ें.

Advertisement

क्या मशीन खरीदना फायदे का सौदा है?
अगर आप बार-बार घर में पेंटिंग करते हैं या खुद छोटे-मोटे काम करना चाहते हैं, तो पेंट स्प्रे मशीन उपयोगी हो सकती है. लेकिन सिर्फ एक बार कमरे में रंग करने के लिए मशीन खरीदना हमेशा सस्ता नहीं पड़ता. मशीन की कीमत के अलावा पेंट, दीवारों की तैयारी और दूसरे सामान का खर्च भी जोड़ना होगा. इसलिए मशीन खरीदने से पहले उसकी कीमत की तुलना पेंटर की मजदूरी से जरूर करें. इससे आप तय कर पाएंगे कि खुद पेंट करना आपके लिए कितना फायदेमंद रहेगा.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement