अपना घर खरीदना हर किसी का सपना होता है. वहीं, शहरों में लाखों लोग किराए के मकान में रहते हैं. ऐसे में अगर किसी किराएदार को पता चले कि मकान मालिक ने उसका घर किसी दूसरे व्यक्ति को बेच दिया है, तो उसके मन में कई सवाल उठने लगते हैं. क्या अब उसे तुरंत मकान खाली करना पड़ेगा? क्या नया मकान मालिक उसे उसी दिन घर छोड़ने के लिए कह सकता है? अगर किराएदार के पास रेंट एग्रीमेंट है, तो क्या वह मकान में रह सकता है?
दरअसल, मकान मालिक के घर बेच देने से किराएदार के अधिकार अपने आप खत्म नहीं हो जाते. भारतीय कानून में किरायेदारों को कुछ अधिकार दिए गए हैं. इसलिए सिर्फ मकान बिक जाने के कारण किराएदार को तुरंत घर खाली करने के लिए मजबूर नहीं किया जा सकता. आइए आसान भाषा में समझते हैं कि इस मामले में कानून क्या कहता है और किराएदार के पास कौन-कौन से अधिकार होते हैं.
मकान बिकने पर क्या किराएदार को तुरंत घर छोड़ना होगा?
अगर कोई मकान मालिक अपना किराए वाला घर किसी दूसरे व्यक्ति को बेच देता है, तो इसका मतलब यह नहीं है कि किराएदार को तुरंत मकान खाली करना होगा. मान लीजिए, आप पिछले दो साल से किसी मकान में किराए पर रह रहे हैं. अचानक आपको पता चलता है कि मकान मालिक ने वह घर किसी दूसरे व्यक्ति को बेच दिया है. अब नया मालिक आपसे कहता है कि अगले दिन तक घर खाली कर दीजिए. ऐसी स्थिति में आपसे तुरंत घर खाली करने की मांग करना अपने आप में कानूनी रूप से सही नहीं है. नए मकान मालिक को मौजूदा किरायेदारी और उससे जुड़े नियमों का ध्यान रखना होगा.
नया मकान मालिक क्या पुराने रेंट एग्रीमेंट को खत्म कर सकता है?
अगर मकान का मालिक बदल गया है, तो भी पहले से चल रहा किराए का समझौता सिर्फ इस वजह से अपने आप खत्म नहीं हो जाता. ट्रांसफर ऑफ प्रॉपर्टी एक्ट, 1882 की धारा 109 के मुताबिक, जब कोई मकान मालिक अपनी किराए पर दी गई संपत्ति बेचता है, तो नया खरीदार आमतौर पर पुराने मकान मालिक के अधिकार हासिल कर लेता है. इसका मतलब है कि नया मालिक किराया लेने का हकदार हो सकता है. लेकिन उसे मौजूदा किरायेदारी की शर्तों का भी ध्यान रखना होगा.
उदाहरण के लिए, अगर आपके रेंट एग्रीमेंट में 11 महीने तक रहने की बात लिखी है और अभी उस अवधि के कई महीने बाकी हैं, तो सिर्फ मकान बिकने के आधार पर नया मालिक उस समझौते को नजरअंदाज नहीं कर सकता. हालांकि, एग्रीमेंट की शर्तें और लागू राज्य के किराया कानून भी देखना जरूरी है.
क्या नया मकान मालिक किराएदार को घर खाली करने का नोटिस दे सकता है?
कुछ परिस्थितियों में नया मकान मालिक किराएदार को घर खाली करने का नोटिस दे सकता है. लेकिन इसके लिए उसे कानून और किराए के समझौते में तय नियमों का पालन करना होगा. उदाहरण के लिए- अगर रेंट एग्रीमेंट की अवधि पूरी हो गई है, तो मकान मालिक नियमों के अनुसार घर खाली करने के लिए कह सकता है.अगर किराएदार लंबे समय से किराया नहीं दे रहा है, तो कानूनी कार्रवाई की जा सकती है.
अगर मकान मालिक को खुद रहने के लिए घर की जरूरत है, तो लागू किराया कानून के तहत उचित आधार पर मकान खाली कराने की मांग कर सकता है. अगर किराएदार एग्रीमेंट की जरूरी शर्तों का उल्लंघन करता है, तो मकान मालिक कानूनी रास्ता अपना सकता है. ध्यान रखने वाली बात यह है कि नोटिस देने का समय और मकान खाली कराने के नियम हर राज्य में एक जैसे नहीं होते. यह इस बात पर भी निर्भर करता है कि किराएदारी किस कानून के तहत आती है और एग्रीमेंट में क्या लिखा है.
क्या नया मालिक बिना बताए किराएदार का सामान बाहर निकाल सकता है?
मकान मालिक सिर्फ अपनी मर्जी से किराएदार का सामान बाहर नहीं फेंक सकता और न ही उसे जबरदस्ती घर से निकाल सकता है. अगर नया मकान मालिक किराएदार पर दबाव बनाता है, घर का ताला बदल देता है, बिजली-पानी काटता है या सामान बाहर निकालने की कोशिश करता है, तो किराएदार कानूनी मदद ले सकता है. मकान खाली कराने के लिए कानून में तय प्रक्रिया का पालन करना जरूरी है. विवाद होने पर मकान मालिक को जरूरत के अनुसार अदालत या संबंधित किराया प्राधिकरण का सहारा लेना पड़ सकता है. इसलिए किराएदार को डरकर तुरंत घर छोड़ने की जरूरत नहीं है. वह अपने कानूनी अधिकारों की जानकारी लेकर उचित कदम उठा सकता है.
मकान बिकने के बाद किराया किसे देना होगा?
यह भी किराएदार के लिए एक जरूरी सवाल है. मान लीजिए, आप हर महीने पुराने मकान मालिक को किराया देते थे और अब मकान किसी दूसरे व्यक्ति को बेच दिया गया है. ऐसी स्थिति में नए मालिक को आपसे किराया लेने का अधिकार मिल सकता है. लेकिन किराएदार को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि मकान का मालिकाना हक वास्तव में किसके पास गया है. इसके लिए नए मालिक से संपत्ति के मालिकाना हक से जुड़े दस्तावेज और किराया लेने की जानकारी मांग सकते हैं.
साथ ही, किराया हमेशा बैंक ट्रांसफर या किसी ऐसे तरीके से दें, जिसका रिकॉर्ड आपके पास रहे. इससे भविष्य में किराया देने को लेकर कोई विवाद होने पर आपके पास सबूत रहेगा. ट्रांसफर ऑफ प्रॉपर्टी एक्ट की धारा 109 के मुताबिक, पुराने मालिक को मकान बेचने से पहले का बकाया किराया नए मालिक अपने आप नहीं मिल जाता.
किराएदार को अपने कौन-से दस्तावेज संभालकर रखने चाहिए?
अगर मकान बिकने के बाद नए मालिक और किराएदार के बीच विवाद होता है, तो कुछ दस्तावेज बहुत काम आ सकते हैं. जैसे-
1. रेंट एग्रीमेंट: इससे पता चलता है कि आप कब से मकान में रह रहे हैं और किराए की शर्तें क्या हैं.
2. किराया देने की रसीद: इससे साबित होता है कि आपने समय पर किराया दिया है.
3. बैंक ट्रांजैक्शन का रिकॉर्ड: ऑनलाइन किराया देने पर उसका रिकॉर्ड संभालकर रखें.
4. मकान मालिक के साथ बातचीत: घर खाली करने या किराए को लेकर हुई बातचीत के मैसेज और ईमेल संभालकर रखें.
5. सिक्योरिटी डिपॉजिट का सबूत: मकान लेते समय जमा की गई रकम का रिकॉर्ड जरूर रखें.
मकान बिकने पर किराएदार को क्या करना चाहिए?
अगर आपको पता चलता है कि मकान मालिक ने आपका घर बेच दिया है, तो सबसे पहले घबराने की जरूरत नहीं है. नए मकान मालिक से बातचीत करें और पता करें कि वह आपसे किराए पर मकान खाली क्यों करवाना चाहता है. अपने रेंट एग्रीमेंट को ध्यान से पढ़ें और उसकी एक कॉपी अपने पास रखें. अगर नया मालिक जबरदस्ती घर खाली करवाने की कोशिश करता है, तो किसी प्रॉपर्टी वकील से सलाह लें. जरूरत पड़ने पर अदालत या संबंधित किराया प्राधिकरण में शिकायत भी की जा सकती है.
कुल मिलाकर, मकान मालिक के घर बेचने से किराएदार को तुरंत घर खाली नहीं करना पड़ता. नए मालिक को भी किराएदारी से जुड़े कानूनी नियमों का पालन करना होता है. हालांकि, किरायेदार के अधिकार उसके रेंट एग्रीमेंट, मकान की स्थिति और संबंधित राज्य के किराया कानून पर निर्भर करते हैं.