scorecardresearch
 

केदारनाथ में मौसम की मार, बिगड़ रही श्रद्धालुओं की तबीयत... अब तक 50 एयरलिफ्ट

केदारनाथ धाम की यात्रा में बदलता मौसम श्रद्धालुओं के लिए चुनौती बना हुआ है. बारिश, बर्फबारी, तेज धूप, ठंड और ऑक्सीजन की कमी के चलते कई यात्रियों की तबीयत अचानक बिगड़ रही है. ऐसे समय में पुलिस और एसडीआरएफ के जवान बीमार श्रद्धालुओं को दुर्गम रास्तों से सुरक्षित हेलीपैड तक पहुंचा रहे हैं. चिकित्सकों की सलाह के बाद जरूरतमंद मरीजों को एयर एम्बुलेंस से एयर लिफ्ट किया जा रहा है.

Advertisement
X
खराब मौसम के चलते लगातार खराब हो रही है श्रद्धालुओं की तबीयत. (Photo: ITG)
खराब मौसम के चलते लगातार खराब हो रही है श्रद्धालुओं की तबीयत. (Photo: ITG)

केदारनाथ धाम की यात्रा, आस्था के इस सफर में मौसम लगातार परीक्षा ले रहा है. कभी बारिश, कभी बर्फबारी तो कभी तेज धूप...बदलते मौसम ने यात्रा की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. ऊंचाई वाले इलाकों में ठंड और ऑक्सीजन की कमी के चलते कई श्रद्धालुओं की अचानक तबीयत बिगड़ रही है. ऐसे वक्त में एयर एम्बुलेंस श्रद्धालुओं के लिए किसी संजीवनी से कम नहीं साबित हो रही है.

मौसम बदला, बिगड़ी तबीयत... आसमान से पहुंची मदद
केदारनाथ पैदल यात्रा मार्ग पर अचानक स्वास्थ्य खराब होने की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ के जवान मोर्चा संभाल रहे हैं. दुर्गम रास्तों पर बीमार श्रद्धालुओं को जवान सुरक्षित तरीके से हेलीपैड तक पहुंचा रहे हैं. इसके बाद चिकित्सकों की सलाह और मरीज की गंभीरता को देखते हुए उसे एयर लिफ्ट किया जा रहा है. अब तक 50 से अधिक श्रद्धालुओं को एयर एम्बुलेंस की सुविधा दी जा चुकी है. समय पर एयर लिफ्ट की सुविधा मिलने से गंभीर रूप से बीमार यात्रियों को तत्काल उपचार तक पहुंचाने में मदद मिली है.

जवानों की तत्परता बनी जीवनरक्षक कड़ी
केदारनाथ यात्रा मार्ग पर कई स्थान ऐसे हैं, जहां सामान्य वाहनों की पहुंच मुश्किल है. ऐसे में पुलिस और एसडीआरएफ के जवान बीमार यात्रियों के लिए सबसे पहले मददगार बनकर सामने आ रहे हैं. सूचना मिलते ही जवान मौके पर पहुंचते हैं, मरीज को सुरक्षित तरीके से हेलीपैड तक पहुंचाते हैं और फिर एयर एम्बुलेंस के जरिए उसे आगे उपचार के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू होती है.

Advertisement

डॉक्टरों की निगरानी में तय होता है एयर लिफ्ट का फैसला
रुद्रप्रयाग पुलिस अधीक्षक निहारिका तोमर के मुताबिक पैदल यात्रा मार्ग से लेकर केदारनाथ धाम तक चिकित्सकों की व्यवस्था मौजूद है. किसी यात्री की तबीयत बिगड़ने पर पहले चिकित्सक उसकी स्थिति का परीक्षण करते हैं. डॉक्टरों की सलाह के आधार पर ही जरूरतमंद मरीज को एयर लिफ्ट किया जाता है.

एक तरफ आस्था की उड़ान, दूसरी तरफ जिंदगी बचाने की उड़ान
केदारनाथ की कठिन चढ़ाई पर हजारों श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं. लेकिन बदलता मौसम और ऊंचाई कई यात्रियों के लिए चुनौती बन रही है. ऐसे में जमीन पर पुलिस और एसडीआरएफ के जवानों की मुस्तैदी और आसमान में एयर एम्बुलेंस की उड़ान यात्रियों के लिए सुरक्षा की एक मजबूत कड़ी बन गई है. 

केदारनाथ की राह भले ही कठिन हो, लेकिन मुश्किल घड़ी में मदद का हाथ लगातार आगे बढ़ रहा है. जहां जरूरत पड़ते ही सुरक्षा जवान पहुंच रहे हैं और जिंदगी बचाने के लिए एयर एम्बुलेंस आसमान में उड़ान भर रही है. 
 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement