चारधाम यात्रा 2026 को लेकर श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है. 15 अप्रैल शाम 5 बजे तक जारी आंकड़ों के अनुसार अब तक करीब 18 लाख से ज्यादा रजिस्ट्रेशन हो चुके हैं. आंकड़ों के मुताबिक केदारनाथ के लिए सबसे ज्यादा 5.96 लाख श्रद्धालुओं ने पंजीकरण किया है.
वहीं, बद्रीनाथ धाम के लिए अब तक 5.10 लाख रजिस्ट्रेशन हुए हैं. गंगोत्री में 3.06 लाख और यमुनोत्री में करीब 2.98 लाख श्रद्धालुओं ने पंजीकरण कराया है. इसके साथ ही हेमकुंड साहिब के लिए अब तक 16,250 रजिस्ट्रेशन दर्ज किए गए हैं.
अधिकारियों का कहना है कि यात्रा शुरू होने के साथ ही संख्या और तेजी से बढ़ेगी, ऐसे में व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने की तैयारियां तेज कर दी गई हैं. हाल ही में हुई बर्फबारी भी स्थानीय एडमिनिस्ट्रेशन के लिए चैलेंज बना हुआ है.
ऑनलाइन बुकिंग में साइबर फ्रॉड का खतरा
चारधाम यात्रा की बुकिंग लेकर साइबर फ्रॉड का खतरा भी बढ़ गया है. केंद्रीय गृह मंत्रालय के साइबर विंग I4C की ओर से कुछ दिन पहले एक अलर्ट जारी किया गया, जिसमें बताया गया कि यात्रा बुकिंग के नाम पर फेक वेबसाइट्स के जरिए साइबर ठगी की जा रही है. फर्जी हेलीकॉप्टर टिकट और ऑनलाइन बुकिंग के नाम पर लोगों से पैसे ठगे जा रहे हैं.
स्कैमर्स बिल्कुल आधिकारिक वेबसाइट जैसी दिखने वाली नकली साइट्स तैयार करते हैं और यात्रियों को लुभाने के लिए उन पर विज्ञापन चला रहे हैं. जब लोग इन्हें असली समझकर क्लिक करते हैं, तो स्कैमर्स उन्हें व्हाट्सऐप या अन्य माध्यमों से संपर्क में लेकर ठगी का शिकार बना लेते हैं.