उत्तर प्रदेश में हर दिन अपराधों की संख्या में इजाफा होता जा रहा है. यहां के लोग सुरक्षा न मिलने के चलते त्रस्त हैं. लेकिन यहां पर पुलिसवालों को ऐसे कार्यों में व्यस्त रखा गया है कि जानकर हैरानी होती है.
अलीगढ़ के जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर दो पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं. इन दो पुलिसवालों का काम है मच्छर मारना. जी हां, उन्हें मच्छर मारने का काम सौंपा गया है. तस्वीर में आप देख सकते हैं कि दोनों ने अपने हाथ में इलेक्ट्रॉनिक रैकेट पकड़े हुए हैं.
अलीगढ़ के जिलाधिकारी राजीव रौतेला के कार्यालय के गेट पर तैनात पुलिसकर्मियों को रैकेट देकर खड़ा किया गया है और उन्हें आदेश दिया गया है कि कोई मच्छर ऑफिस में प्रवेश न कर पाए.
आपको बता दें कि राजीव रौतेला एक प्रमोटी आईएएस हैं और पहली बार जिलाधिकारी का चार्ज मिला है. राजीव अपने बयानों और फैसलों को लेकर चर्चा में रहते हैं. पिछले साल इसी अफसर ने शहीदों का अपमान किया था और फिर छात्रों ने इनके पुतले भी जलाए थे.
इस बारे में अलीगढ़ के पूर्व सांसद चौधरी बिजेंद्र सिंह ने कहा, 'यथा राजा तथा प्रजा. पूरी की पूरी समाजवादी पार्टी कीटाणु ग्रस्त हो गई है. कहीं विशेष प्रकार के कीटाणु अंदर न पहुंच जाएं, इसलिए दो सिपाही लगा दिए हैं. अच्छा होता यदि इन दो सिपाहियो को कहीं दूसरी जगह लगाते और ये जनता की सुरक्षा करते.' बिजेंद्र सिंह कांग्रेस के नेता हैं.
सपा ने अफसरों के सिर फोड़ा ठीकरा
दो पुलिसवालों को इस तरह मच्छर मारने पर लगाने से अलीगढ़ से समाजवादी पार्टी के विधायक हाजी जमीरउल्लाह खफा हैं. उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी के आचरण से लगता है, जैसे वे जनता के सेवक न हों, राजा-महाराजा हों.
हाजी जमीरउल्लाह ने कहा, 'बड़े अफसोस की बात है कि कलेक्टर के ऑफिस में ऐसा हो रहा है. समाजवादी पार्टी की सरकार में ऐसा नहीं होना चाहिए. ये समाजवादी सरकार को बदनाम करने की कोशिश है और ऐसे अधिकारी खासतौर पर ऐसी हरकतें कर रहे हैं, जिससे सरकार बदनाम हो.'