नोएडा प्राधिकरण की मुख्य कार्यपालक अधिकारी रितु माहेश्वरी ने महाप्रबंधक (सिविल) राजीव त्यागी को बड़ी जिम्मेदारी दी है. उन्हें शहर के सभी 10 वर्क सर्किल का प्रभारी बनाया गया है. अभी उनके पास 5 वर्क सर्किल थे. दरअसल, प्राधिकरण में तैनात दूसरे महाप्रबंधक केके अग्रवाल की प्रतिनियुक्ति शासन ने समाप्त कर दी और उन्हें उनके मूल विभाग वापस भेज दिया था. इसके बाद सभी 10 सर्किल की जिम्मेदारी राजीव त्यागी को सौंपी गई है.
रितु माहेश्वरी ने शुक्रवार को आदेश जारी करते हुए वर्क सर्किल एक से लेकर दस तक का प्रभार राजीव त्यागी को सौंप दिया है. मुख्य कार्यपालक अधिकारी की ओर से जारी कार्यालय आदेश में इस बात की जानकारी दी गई है. सीईओ ने 24 अक्टूबर 2019 को जारी किए आदेश में आंशिक संशोधन करते हुए राजीव त्यागी को वर्क सर्किल 1 से 10 तक का प्रभार सौंप दिया है.
पहले वर्क सर्किल 6 से लेकर 10 तक का प्रभार महाप्रबंधक केके अग्रवाल के पास था, लेकिन उनको उनके मूल सिंचाई विभाग में भेज दिया गया है. वे प्रतिनियुक्ति पर नोएडा प्राधिकरण में काम कर रहे थे. उनकी वापसी के बाद उनका कामकाज राजीव त्यागी को सौंपा गया है.
इसके अलावा सीईओ ने जन स्वास्थ्य विभाग के प्रभारी और वरिष्ठ प्रबंधक एससी मिश्रा को पब्लिसिटी, मीडिया, विज्ञापन नीति क्रियान्वयन का भी प्रभारी बना दिया है. वहीं, उद्यान विभाग के निदेशक के तौर पर एसीईओ श्रुति को प्रभार सौंपा है. श्रुति आईएएस अधिकारी हैं.