उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में मंगलवार को मेट्रो की शुरुआत हो गई है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, गृहमंत्री राजनाथ सिंह और राज्यपाल राम नाइक की उपस्थिति में इसकी शुरुआत की गई. लखनऊ मेट्रो 6 सितंबर से आम लोगों के लिए शुरू हो जाएगी.
उद्घाटन के दौरान सीएम योगी ने कहा कि समय पर योजना का पूरा होना काफी बड़ी बात है. मेट्रो की शुरुआत सीमित समय पर पूरा करने पर श्रीधरन जी और उनकी पूरी टीम को बधाई. उन्होंने कहा कि लोगों को इसमें सफर करने के लिए इंतजार नहीं करना पड़ेगा, बुधवार से ही लोगों को इसका लाभ मिलेगा.
योगी ने कहा कि हमारी सरकार प्रदेश के कई शहरों में मेट्रो चलवाने की योजना पर काम कर रही है. अब अलग-अलग मेट्रो कॉर्पोरेशन के तहत काम ना होकर बल्कि राज्य में एक ही यूपी मेट्रो कॉर्पोरेशन की शुरुआत करेंगे. मैं चाहूंगा कि श्रीधरन जी उस कॉर्पोरेशन के प्रधान सलाहकार बनें.
अटल बिहारी वाजपेयी को समर्पित ये मेट्रो- राजनाथ सिंह
लखनऊ मेट्रो का उद्घाटन करते हुए गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि वह लखनऊ मेट्रो को पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेयी जी को समर्पित करते हैं. उन्होंने कहा कि अब लखनऊ शहर नवाबों के साथ-साथ मेट्रो शहर के रूप में भी जाना जाएगा. जिस भी शहर में मेट्रो चलती है, वहां विकास के द्वार खुल जाते हैं.
उन्होंने कहा कि मेट्रोमैन श्री ई श्रीधरन जी का लखनऊ के सांसद होने के नाते में व्यक्तिगत रूप से स्वागत करता हूं. किसी भी शहर के इंफ्रास्ट्रक्चर के बारे में भविष्य को ध्यान में रखकर प्लानिंग करनी चाहिए. राजनाथ ने कहा कि लखनऊ के चारों ओर 104 किलोमीटर की रिंग रोड बनाई जाएगी और मुझे खुशी है कि इसका काम शुरू हो चुका है.
लखनऊ के चारों ओर 104 किलोमीटर की रिंग रोड बनाई जाएगी और मुझे खुशी है कि इसका काम शुरू हो चुका है: श्री
— CM Office, GoUP (@CMOfficeUP)
धन्यवाद दूंगा मेट्रोमैन ई श्रीधरन जी का जिन्होंने बतौर प्रधान सलाहकार लखनऊ मेट्रो का सपना पूरा करना में अहम योगदान दिया:
— CM Office, GoUP (@CMOfficeUP)
ट्रांसपोर्ट नगर से चारबाग तक निर्मित पहले मेट्रो रूट पर लखनऊ मेट्रो रेल सेवा का शुभारंभ बटन दबाकर किया गया।
— CM Office, GoUP (@CMOfficeUP)
श्री राजनाथ सिंह, श्री राम नाईक, श्री योगी आदित्यनाथ व श्री हरदीप सिंह पुरी ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
— CM Office, GoUP (@CMOfficeUP)
श्री और केंद्रीय मंत्री श्री राजनाथ सिंह कुछ देर में लखनऊ मेट्रो का उद्घाटन करेंगे।
— CM Office, GoUP (@CMOfficeUP)
6 सितंबर से आम लोगों के लिए शुरू होगी सेवा
राजनाथ सिंह और योगी आदित्यनाथ मेट्रो रेल को हरी झंडी दिखाने के बाद पहले राइड के लिए ट्रांसपोर्ट नगर स्टेशन पर सवार होंगे, जबकि आम लोगों के लिए मेट्रो का सफर बुधवार सुबह शुरू होगा. लखनऊ मेट्रो सुबह 6 बजे से लेकर रात 10 बजे तक चलेगी. चारबाग से ट्रांसपोर्ट नगर का किराया 10 रुपए से लेकर 60 रुपए तक होगा. इमरजेंसी की हालत में यात्री टॉकबैक के जरिए ड्राइवर से बात कर सकेंगे.
अखिलेश यादव का ड्रीम प्रोजेक्ट लखनऊ मेट्रो
लखनऊ कई वजहों से चर्चा में है, एक वजह सियासी है तो दूसरी देश के सबसे शानदार मेट्रो रेल होना भी एक वजह है. पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव इस मेट्रो रेल को अपने ड्रीम प्रोजेक्ट में रखते थे. यही वजह है कि मेट्रो के शिलान्यास से लेकर मेट्रो के बनने तक के हर सफर में वह साथ रहे, लेकिन चुनाव हार गए तो इसका उद्घाटन नहीं कर सके. अब जब योगी सरकार इसका उद्घाटन कर रही है, तो अखिलेश यादव मेट्रो से जुड़ी अपनी यादें ट्विटर पर ताजा कर रहे हैं. साथ ही जनता को यह याद दिलाने से नहीं चूक रहे कि यह मेट्रो का सपना उनका था, जिसे उन्होंने पूरा तो जरूर किया लेकिन हरी झंडी नहीं दिखा सके.
अखिलेश यादव ने ट्वीट की तस्वीरें
अखिलेश यादव की तरफ से लगातार कई ऐसी तस्वीरें ट्वीट की गईं और उनके समर्थकों ने बकायदा #Akhilesh ki metro का कैम्पेन भी चलाया ताकि लोगों तक ये सियासी मैसेज पहुंच जाए कि झंडी कोई दिखाए को ही जाएगा.
'लखनऊ मेट्रो' ज़िंदगी आसान बनायेगी, लोगों को श्रीधरन जी और उस टीम की याद दिलायेगी जिसने हमारे इस सपने को सच कर दिखाया. सबको धन्यवाद और बधाई!
— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh)
लखनऊ मेट्रो का दूसरा उद्घाटन !
अखिलेश यादव ने सोमवार शाम मेट्रो के भीतर मुलायम सिंह और डिंपल यादव के साथ बैठे, वह तस्वीर ट्विटर पर साझा की जिसमें दिख रहा है कि मेट्रो रेल का उद्घाटन पहले एक बार सांकेतिक तौर पर हो चुका है. यही वजह है कि अखिलेश यादव मेट्रो रेल को दूसरे उद्घाटन की संज्ञा दे रहे हैं. लखनऊ मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन ने अखिलेश यादव को भी उद्घाटन समारोह के लिए आमंत्रित किया है, लेकिन किन्ही वजहों से अखिलेश यादव इस समारोह में शरीक नहीं होंगे.
इंजन तो पहले ही चल दिया था...डिब्बे तो पीछे आने ही थे.
— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh)
अखिलेश यादव के समर्थकों ने सभी 8 मेट्रो स्टेशनों पर अखिलेश के पोस्टर के साथ सांकेतिक उद्घाटन करने की कोशिश की. हर मेट्रो स्टेशन के बाहर सैकड़ों की तादाद में समाजवादी पार्टी के युवा समर्थक जमा हुए और इन लोगों ने ढोल-नगाड़े बजाकर मिठाइयां बांटकर व गुब्बारे उड़ाकर सियासी उद्घाटन कर दिया.