तेलंगाना के महबूबनगर जिले से जेल सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करने वाली एक घटना सामने आई है. यहां जिला जेल में बंद पॉक्सो (POCSO) मामले का एक विचाराधीन कैदी सोमवार तड़के कथित तौर पर तौलियों को जोड़कर बनाई गई रस्सी के सहारे जेल की ऊंची दीवार फांदकर फरार हो गया. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया. आरोपी की तलाश के लिए कई पुलिस टीमें गठित की गई हैं, जबकि जेल प्रशासन ने पूरे मामले की आंतरिक जांच शुरू कर दी है.
25 दिन पहले आया था जेल में
फरार आरोपी की पहचान 22 साल के किशोर कुमार के रूप में हुई है. वह महबूबनगर जिले के अमरचिंता मंडल के नंदीमल्ला गांव का रहने वाला है. पुलिस के अनुसार, उसे करीब 25 दिन पहले POCSO Act के तहत दर्ज एक मामले में गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया था. तब से वह महबूबनगर जिला जेल में बंद था.
बाथरूम जाने के बहाने फरार
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सोमवार सुबह आरोपी ने बैरक से बाथरूम जाने की बात कहकर बाहर निकलने की परमीशन ली. इसी दौरान उसने चार तौलियों को आपस में गांठ लगाकर एक अस्थायी रस्सी तैयार की. आरोप है कि उसी के सहारे वह जेल की दीवार पर चढ़ा और परिसर से फरार होने में सफल रहा. काफी देर तक उसके गायब होने पर किसी का ध्यान नहीं गया. फिर डेली काउंटिंग और जांच के दौरान उसके गायब होने का पता चला.
सूचना मिलते ही जेल अधिकारियों ने स्थानीय पुलिस को घटना की जानकारी दी. इसके बाद आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान शुरू किया गया. पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं और आरोपी के रिश्तेदारों व परिचितों से भी पूछताछ की जा रही है.
कई तौलियों को आपस में बांधकर बनाई रस्सी
जांच के दौरान एक और पहलू सामने आया है. सूत्रों के मुताबिक, पुलिस को आशंका है कि फरार आरोपी वानापर्थी जिले के सरकारी सखी सेंटर में रह रही एक युवती तक पहुंचने की कोशिश कर सकता है. हालांकि पुलिस इस संभावना की आधिकारिक पुष्टि नहीं कर रही है और इसे जांच का हिस्सा बताया जा रहा है.
इस घटना के बाद जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं. यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपी को तौलिया जोड़कर रस्सी बनाने और दीवार तक पहुंचने का मौका कैसे मिला तथा ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों की ओर से कहीं कोई लापरवाही तो नहीं हुई. अधिकारियों का कहना है कि फरार कैदी की गिरफ्तारी और सुरक्षा में हुई संभावित चूक, दोनों पहलुओं की विस्तृत जांच जारी है.