तेलंगाना में मुख्य विपक्षी दल भारत राष्ट्र समिति ने बुधवार को सत्तारूढ़ कांग्रेस पर बड़ा हमला बोला. बीआरएस नेताओं ने आरोप लगाया कि तेलंगाना में कांग्रेस के विधायक मालेरेड्डी रंगा रेड्डी ने चलती बस में एक छात्रा को गलत तरीके से छुआ.
दरअसल सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है. इसमें इब्राहिमपट्टनम से कांग्रेस विधायक मालेरेड्डी रंगा रेड्डी बस में दो छात्राओं के साथ बातचीत करते नजर आ रहे हैं. इस दौरान वो महिलाओं के लिए कांग्रेस सरकार की 'महालक्ष्मी' मुफ्त बस यात्रा योजना को लेकर चर्चा कर रहे थे.
वीडियो में छात्राओं को विधायक से ये कहते हुए सुना जा सकता है कि वो पिछले एक साल से इन सरकारी बसों में सफर कर रही हैं. उन्होंने कहा कि इस योजना की वजह से वो सालाना करीब 45,000 रुपये की बचत कर रही हैं.
'छात्रा का हाथ पकड़ने और उसे गलत तरीके से छूने...'
इसी बातचीत के दौरान विधायक को एक छात्रा का हाथ पकड़े हुए देखा गया. इस वीडियो के सामने आने के बाद बीआरएस नेता आर. एस. प्रवीण कुमार ने प्रतिक्रिया दी. उन्होंने सवाल उठाया कि विधायक को छात्रा का हाथ पकड़ने और उसे गलत तरीके से छूने की क्या जरूरत थी?
उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा, 'क्या ये जुर्म नहीं है? क्या ये किसी महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाना नहीं है?' प्रवीण कुमार ने मांग की कि तेलंगाना राज्य महिला आयोग को कानूनी सलाह लेने के बाद इस मामले में विधायक को समन करना चाहिए.
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट करते हुए उन्होंने लिखा, 'डीजीपी महिला सुरक्षा यहां SHE टीमें कहां हैं? RTC कंडक्टर से शिकायत लें और IPC की धारा 354 के तहत मामला दर्ज करें. बीजेपी और कांग्रेस दोनों महिलाओं का अपमान करने में एक-दूसरे से मुकाबला कर रहे हैं.'
विधायक ने आरोपों को नकारा
वहीं, विधायक मालेरेड्डी रंगा रेड्डी ने सफाई दी है और इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया. उन्होंने कहा कि वो पिता की तरह प्रेम के साथ छात्राओं से इस योजना के बारे में बात कर रहे थे, जिसे बीआरएस ने राजनीतिक रूप से तोड़-मरोड़कर पेश किया है.
यह भी पढ़ें: BRS विधायकों का अनोखा प्रदर्शन, सस्पेंशन के बाद तेलंगाना भवन में बनाई मॉक असेंबली!
एक वीडियो जारी करते हुए उन्होंने बताया कि वो 6 अक्टूबर को जिला कलेक्टर कार्यालय में एक बैठक के बाद शहर के बाहरी इलाके बोन्गुलुरु से बस में सवार हुए थे. उन्होंने कहा कि बस में उन्होंने आम लोगों से बातचीत की थी, इसी दौरान कुछ छात्राओं ने यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए और ज्यादा बसें चलाने की रिक्वेस्ट की थी.
विधायक ने कहा कि बस जब एक मोड़ ले रही थी, तब बनाए गए इस वीडियो का बीआरएस गलत मतलब निकाल रही है. उन्होंने कहा कि वो महिलाओं का पूरा सम्मान करते हैं.