पश्चिम बंगाल कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष सोमेन मित्रा का देर रात निधन हो गया. पिछले कई दिनों से उनकी तबीयत खराब थी. सोमेन मित्रा कई बीमारियों से ग्रसित थे और उनका कोलकाता के एक प्राइवेट अस्पताल में इलाज भी चल रहा था. हालांकि अस्पताल में सोमेन मित्रा का 78 साल की उम्र में निधन हो गया.
अस्पताल के सूत्रों ने बताया कि मित्रा को कुछ दिनों पहले ही किडनी की बीमारी के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया था. हालांकि कार्डियक अरेस्ट के कारण उनका निधन हो गया. उन्होंने गुरुवार देर रात 1.30 बजे आखिरी सांस ली. वहीं उनका कोरोना टेस्ट भी करवाया गया था. इसकी जांच रिपोर्ट निगेटिव आई थी.
पश्चिम बंगाल कांग्रेस ने सोमेन मित्रा के निधन पर शोक जताया है. पश्चिम बंगाल कांग्रेस के ट्विटर अकाउंट से ट्वीट कर कहा गया, 'WBPCC के अध्यक्ष सोमेन मित्रा ने कुछ समय पहले अंतिम सांस ली है. इस अपार हानि के बीच हमारी प्रार्थनाएं और विचार दादा के परिवार के साथ हैं.'
WBPCC President Somen Mitra has breathed his last, a short while ago. As we struggle to come to terms with this immense loss, all our prayers and thoughts are with Dada’s family.
May his soul rest in peace 🙏
— West Bengal Congress (@INCWestBengal)
वहीं सोमेन मित्रा के परिवार के एक सदस्य ने मौत की खबर की पुष्टि की. परिवार के सदस्य ने कहा कि उन्हें किडनी और दिल की बीमारियों के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया था. बता दें कि कांग्रेस के दिग्गज नेता और लोकसभा के पूर्व सांसद सोमेन मित्रा का जन्म 31 दिसंबर 1941 को हुआ था. उनका एक बेटा भी है.