scorecardresearch
 

शादी का झांसा, लग्जरी लाइफस्टाइल का दिखावा... एक ही बैच की महिला कांस्टेबलों को फंसाता था विक्रांत

दिल्ली पुलिस ने शादी का झांसा देकर महिला कांस्टेबलों से लाखों रुपये की ठगी करने के आरोपी 23 वर्षीय विक्रांत तोमर को बुराड़ी से गिरफ्तार किया है. आरोप है कि वह इंस्टाग्राम पर महंगी कारों और लग्जरी लाइफस्टाइल का दिखावा कर खुद को अमीर कारोबारी बताता था.

Advertisement
X
आरोपी विक्रांत तोमर. (Photo: Screengrabs)
आरोपी विक्रांत तोमर. (Photo: Screengrabs)

दिल्ली पुलिस की वर्दी पहनने वाली महिला कांस्टेबल भी एक शातिर ठग के जाल में फंस गईं. शादी का झांसा देकर महिला कांस्टेबलों से लाखों रुपये की ठगी करने के आरोप में दिल्ली पुलिस ने 23 साल के विक्रांत तोमर को बुराड़ी से गिरफ्तार किया है. आरोपी पर करोल बाग थाने में तैनात एक महिला कांस्टेबल से 24 लाख रुपये ठगने का आरोप है.

इंस्टाग्राम पर अमीर कारोबारी बनने का नाटक
पुलिस के मुताबिक विक्रांत इंस्टाग्राम पर महंगी कारों और लग्जरी लाइफस्टाइल के वीडियो पोस्ट कर खुद को अमीर कारोबारी बताता था. वह महिला कांस्टेबलों को शादी का भरोसा दिलाता और फिर अलग-अलग बहाने बनाकर उनसे पैसे ऐंठता था. आरोप है कि वह महिला कांस्टेबलों को प्रभावित करने के लिए आठ घंटे के लिए महंगी कार किराये पर लेता था. एक ही कार में अलग-अलग महिलाओं को घुमाकर अपनी अमीरी का दिखावा करता था. कई बार एक महिला कांस्टेबल से दूसरी महिला को घुमाने का खर्च भी बहाने बनाकर वसूलता था.

लिव-इन पार्टनर की बैचमेट को बनाता था निशाना
जांच में सामने आया है कि आरोपी की लिव-इन पार्टनर भी दिल्ली पुलिस में महिला कांस्टेबल है. आरोप है कि वह अपनी पार्टनर की बैचमेट महिला कांस्टेबलों की जानकारी जुटाकर उन्हें निशाना बनाता था. पुलिस को अब तक करीब 20 महिला कांस्टेबलों के उसके जाल में फंसने की जानकारी मिली है. बताया जा रहा है कि सभी पीड़ित एक ही बैच की हैं. इनमें से कई महिलाओं ने अभी तक शिकायत दर्ज नहीं कराई है.

Advertisement

पहले से दर्ज हैं पांच FIR
पुलिस के मुताबिक, ठगी की रकम के लेन-देन में वनएक्स बेटिंग ऐप के अकाउंट का इस्तेमाल किए जाने का भी आरोप है. विक्रांत के खिलाफ दिल्ली में पहले से ठगी के पांच मामले दर्ज हैं. इनमें मायापुरी, हरिनगर, इंद्रपुरी और पूर्वी जिला साइबर पुलिस थाने के मामले शामिल हैं.

आरोपी जून में ही जमानत पर जेल से बाहर आया था. फिलहाल, मध्य जिला साइबर पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि ठगी का शिकार हुई महिला कांस्टेबलों की कुल संख्या कितनी है और इस नेटवर्क में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल है या नहीं. 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement