दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर एक इमिग्रेशन अधिकारी को निलंबित कर दिया गया है. अधिकारी पर एक महिला यात्री से अश्लील सवाल पूछने का आरोप था.
इस अधिकारी ने महिला का पासपोर्ट चेक करने के दौरान उससे कुछ बेहद आपत्तिजनक सवाल पूछे. महिला हॉन्गकॉन्ग जाने के लिए बंगलुरु से दिल्ली पहुंची थी. महिला ने आरोप लगाया कि उस अधिकारी ने कई निजी और अभद्र सवाल पूछे. महिला ने यह भी दावा किया कि उस अधिकारी ने एयरपोर्ट पर उसका पीछा भी किया.
इस पूरे मामले पर सख्त कदम उठाते हुए गृह मंत्रालय ने उक्त अधिकारी को तत्काल निलंबन कर दिया है. इस मामले के जांच के आदेश दे दिए गए हैं. पीड़ित महिला के ससुर ने इमिग्रेशन विभाग के कमिश्नर को भेजी अपनी ऑनलाइन शिकायत में कहा है, 'मेरी बहू अकेली सफर कर रही थी और जब मुझे उसने ये बातें बताई तो मैं सकते में आ गया. उसने मौखिक शिकायत दर्ज करा दी थी. '
जैसे ही यह शिकायत फॉरनर्स रिजनल रजिस्ट्रेशन ऑफिसर के पास पहुंची उन्होंने तुरंत ही पीड़िता के परिवार को लिखित शिकायत दर्ज करने को कहा. उन्होंने कहा, 'जब आरोपी अधिकारी से इस मामले में पूछताछ हुई तो उसने ऐसी किसी भी घटना से इनकार कर दिया. पीड़िता के ससुर का कहना है, 'जैसे ही आरोपी अधिकारी से पूछताछ की गई वह हकलाने लगा. क्योंकि वह दोषी था. हम इस मामले में कार्रवाई के लिए अगले छह दिन तक इंतजार करेंगे. अगर तब तक कुछ नहीं होता है तो हम देखेंगे कि आगे क्या करना है.'