वर्ष 2011 में आयोजित होने वाली आईआईटी की संयुक्त प्रवेश परीक्षा (जेईई) आईआईटी कानपुर द्वारा आयोजित होगी और यह परीक्षा 10 अप्रैल को दो पारियों में होगी और इस बार की परीक्षा भी पहले की तरीके से ही होगी और इसके प्रारूप में कोई बदलाव नहीं होगा.
देश भर के सभी आईआईटी के निदेशक या उनके प्रतिनिधियों के साथ आज यहां हुई संयुक्त प्रवेश बोर्ड की एक बैठक के बाद यह जानकारी आईआईटी कानपुर के निदेशक प्रो संजय गोविंद धांडे ने शनिवार शाम दी.
उन्होंने बताया कि वर्ष 2011 की आईआईटी की संयुक्त प्रवेश परीक्षा को आईआईटी कानपुर आयोजित करेगा. इस परीक्षा के प्रारूप में कोई बदलाव नहीं होगा और यह परीक्षा देश भर के परीक्षा केन्द्रों में 10 अप्रैल 2011 को आयोजित होगी. यह परीक्षा दो पालियों में सुबह नौ से बारह तथा दोपहर दो से शाम पांच बजे तक होगी.
उन्होंने बताया कि आईआईटी की संयुक्त प्रवेश परीक्षा :जेईई: के फार्म कब से मिलने शुरू होंगे और कब तक मिलेंगे और कब जमा होंगे इस बात का फैसला संयुक्त प्रवेश बोर्ड के सदस्य आगामी दस दिनों के अंदर कर देंगे.
उन्होंने बताया कि अभी इस बात का फैसला भी नहीं लिया गया है कि परीक्षा में बैठने वाले छात्रों का बायोमेट्रिक्स टेस्ट होगा या नहीं. लेकिन इस बार कोशिश की जायेगी कि पिछली बार की तरह इस बार आईआईटी की संयुक्त प्रवेश परीक्षा के प्रश्नपत्र में छपाई की गलतियां ना हो.
धांडे ने बताया कि इस बार की आईआईटी की संयुक्त प्रवेश परीक्षा के लिये आईआईटी कानपुर के प्रो एस के चौधरी को संयुक्त प्रवेश बोर्ड का चेयरमैन बनाया गया है, जबकि प्रो एम एस कालरा और प्रो राजेश श्रीवास्तव को वाइस चेयरमैन बनाया गया है. आईआईटी की संयुक्त प्रवेश परीक्षा के बोर्ड की इस बैठक में सभी 15 आईआईटी के डायरेक्टर या उनके प्रतिनिधि सदस्य शामिल हुये इसके अलावा आई एस एम धनबाद तथा आई टी बीएचयू के प्रतिनिधि भी शामिल हुये.
इस बार की परीक्षा में भी आनलाइन फार्म भरने की सुविधा होगी, लेकिन फार्म कब से बंटेगे और कब जमा होंगे इस बारे में ज्वाइंट बोर्ड की बैठक दस दिन के अंदर फैसला करेगी और उसके बाद जानकारी देगी.
उन्होंने बताया कि अभी बोर्ड ने इस बात का भी फैसला भी नही लिया है कि इस बार परीक्षार्थियों का बायोमेट्रिक्स टेस्ट होगा या नहीं इस बाबत भी फैसला आने वाले दिनों में बोर्ड द्वारा किया जायेगा.
उन्होंने बताया कि इस बार एक परिवर्तन यह किया गया है कि गोरखपुर को पिछले साल की आईआईटी की संयुक्त प्रवेश परीक्षा में आईआईटी गुवाहाटी के अन्तर्गत रखा गया था. इस बार इसे आईआईटी कानपुर के अन्तर्गत रखा गया है.
उन्होंने बताया कि वर्ष 2010 की आईआईटी जेईई की परीक्षा आईआईटी मद्रास ने आयोजित की थी.