जयपुर की एक अदालत के आदेश पर गांधीनगर पुलिस ने दीन दयाल उपाध्याय ट्रस्ट की अध्यक्ष एवं राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, पूर्व स्वायत्त शासन एवं नगरीय विकास राज्य मंत्री प्रताप सिंह सिंघवी सहित छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है. गौरतलब है कि राज्य की गहलोत सरकार ने राजे के खिलाफ भ्रष्टाचार मामले की जांच का आदेश दिया था.
यह मामला दीन दयाल उपाध्याय ट्रस्ट को सस्ती दर पर भूमि का आवंटन करने के प्रकरण में दर्ज किया गया है. इसी क्रम में सोमवार को मुकदमा दर्ज कर जांच सीआईडी (सीबी) को सौंप दी गई.
पुलिस अधीक्षक (पूर्व) मोहन सिंह के अनुसार अदालत का इस संबंध में आदेश मिलने के बाद ट्रस्ट की अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, पूर्व स्वायत्त शासन एवं नगरीय विकास राज्य मंत्री प्रताप सिंह सिंघवी, नगर निगम के पूर्व महापौर अशोक परनामी, राजस्थान आवासन मंडल के पूर्व अध्यक्ष अजय पाल सिंह, भाजपा सांसद ललित किशोर चतुर्वेदी और जयपुर विकास प्राधिकरण के पूर्व आयुक्त के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 420, 409 और 120 बी के तहत प्राथमिकी दर्ज की है.