झारखंड के चाईबासा जिले के सारंडा वन क्षेत्र के किरीबुरू इलाके में एक अजीबोगरीब जीव पाया गया है. जीव को लेकर खुद वन विभाग भी हैरान परेशान है. वन विभाग के अधिकारी भी बता नहीं पा रहे हैं की आखिर यह जीव है क्या चीज.
यह अज्ञात जीव नुडल्स जैसा दिख रहा है. फर्क बस इतना है की इसमें जान है. और यह जीव रेंगकर भागने की कोशिश करता है. टेलीफोन के तार की तरह लिपटे इस जीव का सर और दुम निकाल पाना भी मुश्किल है. जीव के हरकतों को देख इलाके में हंगामा मचा हुआ है. लोग तरह तरह की बाते करने लगे हैं. जीव को ना तो सांप कहा जा सकता है ना केंचुआ. लोग जीव के रहस्य को तलाशने में दिलचस्पी ले रहे हैं.
दरअसल किरीबुरू के मनोरंजन साहू ने इस जीव को अपने घर के आंगन में जामुन के पेड़ के पास देखा था. उसने रहस्य से भरे इस जीव को जानने के लिए इसे वन विभाग के अधिकारी को दिखाया लेकिन अधिकारी भी जीव को देख सन्न रह गए. वन विभाग के अधिकारी अब इस जीव का शोध करवाने की सोच रहे हैं जिसके लिए उन्होंने अपने वरिष्ठ पदाधिकारियों को भी सूचित कर दिया है.