गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी ने मकर संक्रांति के पतंग उत्सव के मौके पर लोगों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रदेश की तरक्की आसमान में ऊंची उड़ती पतंग जैसी है.
हाल ही में ‘वाइब्रेंट गुजरात समिट’ के दौरान अपने राज्य में 20.83 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव लाने वाले मोदी ने मकर संक्रांत को राज्य का महत्वपूर्ण उत्सव करार दिया.
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘गुजरात की तरक्की आसमान में ऊंची उड़ती पतंग जैसी है.’ मोदी ने कुछ समय स्थानीय लोगों के साथ पतंग भी उड़ायी.
मोदी ने अपने विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र मणिनगर के तहत आने वाले अमराईवाड़ी में पारसमणि सोसायटी का दौरा करते हुए कहा, ‘कल मैं राज्य के सबसे बड़े उद्योगपतियों के साथ था. आज मैं मेरे निर्वाचन क्षेत्र के वंचित वर्ग के लोगों के साथ हूं.’
सूर्य के उत्तरायण होने के मौके पर गुजरात में ‘उंध्यू’ के रूप में यह उत्सव मनाया जाता है.