पृथक राज्य की मांग को लेकर राजघाट पर धरने पर बैठे तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) के अध्यक्ष के. चंद्रशेखर राव ने कहा कि सरकार ने जो वादा किया था उसे निभाये वरना यह लोकतंत्र का अपमान होगा. गांधी जयंती पर टीआरएस के कार्यकर्ताओं ने राजघाट पर धरना दिया.
राव ने कहा, ‘तेलगांना की मांग को लेकर आंदोलन ने जोर पकड़ा है और आंदोलन में सरकारी अधिकारी, सड़क परिवहन निगम के कर्मचारी, विद्यालयों के छात्र एवं शिक्षक सभी शामिल हैं. सरकार ने इस पर कई समितियां बनाई हैं पर समस्या का कोई भी समाधन निकालने के मूड में सरकार नहीं है.’
उन्होंने कहा कि सदन में किया वायदा निभाना सरकार का दायित्व है. वित्त मंत्री प्रणब मुखर्जी और कांग्रेस महासचिव एवं आंध्र प्रदेश के प्रभारी गुलाम नबी आजाद ने कहा था कि यह मुद्दा जटिल है और इसमें विचार-विमर्श की जरूरत है इसलिए उन्हें थोड़ा समय लगेगा.
इस पर राव ने कहा कि मुद्दा नहीं अपितु उनकी सोच जटिल है जो इस मांग को टालने का प्रयास कर रहे हैं. राव के साथ टीआरएस के विधायक, राज्य परिवहन निगम के कर्मचारी एवं राजपत्रित अधिकारी संघ के पदाधिकारी मौजूद थे.