पंजाब के पटियाला में शंभू-अंबाला रेलवे ट्रैक पर धमाका हुआ. इस मामले को लेकर सियासत शुरू हो गई है. कांग्रेस नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा ने इस घटना की निंदा करते हुए इसे राज्य सरकार की बड़ी विफलता करार दिया है.
रंधावा ने इस धमाके को 'कायरता' बताया है. उन्होंने सोशल मीडिया पर अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि ये धमाका खुफिया तंत्र की गंभीर विफलता का सबूत है.
रंधावा ने दावा किया है कि इस ट्रैक को लेकर पहले से ही सुरक्षा अलर्ट जारी किया गया था इसके बावजूद, सरकार और सुरक्षा एजेंसियों ने कोई एहतियाती कदम नहीं उठाए.
'सूचना के बावजूद कोई निवारक उपाय नहीं किए'
कांग्रेस नेता ने एक्स पर लिखा, 'शंभू के पास दिल्ली-पंजाब रेलवे ट्रैक को निशाना बनाने के कल रात के कायरता की वजह से हुई खुफिया नाकामी की हम कड़ी निंदा करते हैं. ये बेहद चिंता की बात है कि खतरे की पहले से सूचना के बावजूद कोई निवारक उपाय नहीं किए गए. ऐसी चूकें बर्दाश्त के काबिल नहीं हैं.'
रंधावा ने आगे मांग करते हुए कहा कि इस धमाके की जवाबदेही तय की जानी चाहिए. साथ ही तुरंत जरूरी कदम उठाने चाहिए ताकि ऐसी घटना दोबारा न हो.
धमाका करने वाले की मौके पर मौत
बता दें कि धमाके के पास वाली जगह से एक व्यक्ति का शव भी बरामद हुआ था. पटियाला के एसएसपी शर्मा ने बताया कि बम लगाते हुए इस व्यक्ति की मौत हो गई. आरोपी मृतक ने निहंग सिंह का वेश धारण किया हुआ था. उसकी पहचान जगरूप सिंह के रूप में हुई है जो तरन तारन का रहने वाला था. एसएसपी ने ये भी खुलासा किया था कि ये एक Low-Intensity वाला बम ब्लास्ट था. अब पुलिस इस मामले की जांच कर रही है.
यह भी पढ़ें: पंजाब: पटियाला में रेलवे ट्रैक पर ब्लास्ट, मौके पर मिली बम लगाने वाले शख्स की लाश
इसी साल जनवरी में भी फतेहगढ़ साहिब जिले के सरहिंद में फ्रेट कॉरिडोर के ट्रैक पर एक धमाका हुआ था. इस धमाके में एक ट्रेन के इंजन को नुकसान पहुंचा था और एक लोको पायलट भी जख्मी हो गया था.