
पंजाब की भगवंत मान सरकार के नशा विरोधी अभियान 'नशों के विरुद्ध युद्ध' के तहत कपूरथला में बड़ी कामयाबी मिली है. जिला पुलिस की कड़ी कार्रवाई के चलते पिछले कुछ समय में ड्रग्स की रिकवरी में रिकॉर्ड बढ़ोतरी दर्ज की गई है.
पुलिस ने न सिर्फ नशा तस्करों को पकड़ा है, बल्कि उनकी आर्थिक रीढ़ तोड़ने के लिए संपत्तियों को भी जब्त किया है. 1 मार्च 2025 से 30 अप्रैल 2026 के बीच कपूरथला पुलिस ने 30.4 किलो हेरोइन बरामद की.
इससे पहले 1 जनवरी 2024 से 28 फरवरी 2025 तक में ये आंकड़ा महज 10.6 किलो था. ये हेरोइन की बरामदगी में 187% की बड़ी बढ़ोतरी को दिखाता है.
दूसरे नशीले पदार्थों की जब्ती में भी इसी तरह का उछाल देखा गया. खसखस की जब्ती 170 किलो से बढ़कर 452 किलो से ज्यादा (166% की बढ़ोतरी) हो गई. अफीम की रिकवरी 6.845 किलो से बढ़कर 11.517 किलो (68% की बढ़ोतरी) तक पहुंच गई. नशीली गोलियों की संख्या 38,327 से बढ़कर 72,480 (89% की बढ़ोतरी हो गई. चरस और 'आइस' की जब्ती, जो पहले न के बराबर थी, अब पुलिस रिकॉर्ड में दर्ज की गई है.

गिरफ्तारियों और केस दर्ज करने में तेजी
बरामदगी के साथ-साथ पुलिस ऑपरेशन में भी भारी तेजी आई है. अभियान के दौरान NDPS एक्ट के तहत 1498 एफआईआर दर्ज की गईं और 1867 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया. पिछली बार सिर्फ 376 मामले दर्ज हुए थे और 481 गिरफ्तारियां हुई थीं. ये केस दर्ज करने में 298% और गिरफ्तारियों में 288% की बढ़ दिखाता है.
कपूरथला के एसएसपी गौरव तूरा ने बताया, 'मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में चलाए जा रहे इस अभियान ने ड्रग्स के खिलाफ केंद्रित कार्रवाई को मुमकिन बनाया है. बरामदगी में ये बढ़ोतरी सप्लाई चेन को तोड़ने की हमारी कोशिशों का नतीजा है.'
यह भी पढ़ें: 'पंजाब में नशा BJP-अकाली दल की देन...', बोले अरविंद केजरीवाल
9 करोड़ रुपये से ज्यादा की संपत्ति पर कार्रवाई
पुलिस अब नशा तस्करों के आर्थिक साम्राज्य को भी निशाना बना रही है. कपूरथला पुलिस ने 48 मामलों में ड्रग्स के पैसे से बनाई गई 9.10 करोड़ रुपये से ज्यादा की संपत्ति पर कार्रवाई शुरू की है. इसमें से 8.60 करोड़ रुपये की संपत्ति को जब्त और फ्रीज करने के आदेश पहले ही मिल चुके हैं.