अमरीकी डेमोक्रेटिक सांसद इल्हान उमर की मुसीबतें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं. उनपर लगे इमिग्रेशन फ्रॉड के बाद अब जाली शादी से जुड़े पुराने आरोपों की नए सिरे से जांच की जाएगी. फेडरल जांच एजेंसियों की कार्रवाई के बाद से ये मामला फिर से चर्चा में है.
साल 2016 में ओबामा प्रशासन के दौरान भी इल्हान उमर की जांच की गई थी. उस वक्त जांचकर्ताओं को कुछ ऐसे सबूत मिले थे कि इल्हान उमर ने एक व्यक्ति के साथ 'फर्जी शादी' की थी.
आरोप था कि इल्हान ने अपने भाई से ही शादी रचाई थी. हालांकि, 5 साल की समय सीमा खत्म हो जाने के कारण उस समय गंभीर आपराधिक आरोप दर्ज नहीं किए जा सके थे. अब उन्हीं पुराने आरोपों और दस्तावेजों की नए सिरे से जांच की जा रही है.
क्या है पूरा मामला?
आलोचकों और मीडिया रिपोर्ट्स में लंबे समय से ये दावा किया जाता रहा है कि इल्हान उमर ने अमरीकी नागरिकता या ग्रीन कार्ड हासिल करने में मदद के लिए अहमद नुर सईद एल्मी नाम के एक व्यक्ति से 'फर्जी शादी' की थी. हालांकि, इल्हान उमर हमेशा से अपने ऊपर लगे इन आरोपों को खारिज करती रही हैं.
हाल ही में होमलैंड सिक्योरिटी इन्वेस्टिगेशंस (HSI) ने वॉशिंगटन डीसी स्थित इल्हान उमर के आवास पर छापेमारी की थी. जांच एजेंसियों का फोकस इस बात पर था कि क्या इल्हान उमर या उनके पिता ने अमरीकी नागरिकता के कागजातों में गलत जानकारी दी थी.
यह भी पढ़ें: अमेरिकी सांसद इल्हान उमर के घर पर पड़ा छापा, बोलीं- ट्रंप मुझे बदनाम कर रहे हैं
बॉर्डर जॉर टॉम होमैन के मुताबिक, अगर ये आरोप साबित हो जाते हैं, तो इल्हान उमर की अमरीकी नागरिकता रद्द की जा सकती है. इल्हान पर इमिग्रेशन धोखाधड़ी ही नहीं, बल्कि वित्तीय संपत्तियों को लेकर भी जांच चल रही है. वॉशिंगटन के शीर्ष संघीय अभियोजक ने पुष्टि की है कि इल्हान उमर के वित्तीय खुलासों और उनके पति के व्यावसायिक मूल्यांकनों में पाई गई गड़बड़ियों की अलग से जांच की जा रही है.