अमृतसर देहात पुलिस ने सीमा पार से संचालित हो रहे एक आतंकी मॉड्यूल का पर्दाफाश किया है. पुलिस ने इस कार्रवाई के दौरान एक AK-47 राइफल, मैगजीन, 9 जिंदा कारतूस, 2 हैंड ग्रेनेड, एक मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल बरामद की है. इस मामले में सराय अमानत खां निवासी 28 वर्षीय नवजोत सिंह चीमा उर्फ नवजोत को गिरफ्तार किया गया है.
बॉर्डर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (IGP) गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि यह कार्रवाई एसएसपी कंवलप्रीत सिंह चहल और उनकी विशेष टीम ने की. उन्होंने बताया कि बरामद हथियार और गोला-बारूद पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI समर्थित हैंडलर्स और तस्करों ने ड्रोन के जरिए भारतीय सीमा में गिराए थे. प्राथमिक जांच में इस नेटवर्क के तार पाकिस्तान के साथ-साथ मिडिल ईस्ट यानी खाड़ी देशों में बैठे हैंडलरों से भी जुड़े होने की बात सामने आई है.
पुलिस के मुताबिक, पकड़ा गया नवजोत ट्रक ड्राइवर है और खुद भी नशे का आदी रहा है. वह पहले सीमा पार से होने वाली हेरोइन और ड्रग्स की तस्करी में शामिल था. इस बार विदेशी हैंडलरों ने उसे नशीले पदार्थों की जगह हथियारों की खेप उठाने और उसे आगे पहुंचाने का काम सौंपा था. इसके बदले उसे 50 हजार रुपये देने का वादा किया गया था, लेकिन उसे अभी तक कोई पैसा नहीं मिला था.
ऐसे होती थी तैयारी
हैंडलरों ने नवजोत को इन हथियारों को पास के किसी पड़ोसी जिले में ले जाकर बताए गए ठिकाने पर एक अज्ञात 'कट-आउट' यानी सहयोगी को सौंपने का निर्देश दिया था. हैंडलर अपनी पहचान छिपाने के लिए वर्चुअल नंबरों और कट-आउट सिस्टम का इस्तेमाल करते हैं, ताकि किसी को दूसरे की पहचान पता न चल सके. पुलिस की समय रहते की गई कार्रवाई से एक बड़ा आतंकवादी या आपराधिक हमला टल गया.
तीसरी AK-47 बरामदगी
IG गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने कहा कि अमृतसर देहाती पुलिस की यह तीसरी AK-47 राइफल की बरामदगी है. उन्होंने कहा कि हैंड ग्रेनेड का मिलना विशेष रूप से चिंताजनक है, क्योंकि इससे बड़े पैमाने पर जान-माल का नुकसान हो सकता है. इस ऑपरेशन को अंजाम देने वाली टीम में एसएसपी कंवलप्रीत सिंह चहल, एसपी (D) रमनविंदर सिंह, डीएसपी यादविंदर सिंह (अटारी) और CIA इंस्पेक्टर मनमीत सिंह शामिल हैं. IG ने टीम की सराहना करते हुए कहा कि उसे DGP पंजाब और मुख्यमंत्री के सामने उचित पुरस्कार और सम्मान के लिए सिफारिश की जाएगी.
नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जांच
इस मामले में थाना घरिंडा में CIA विंग की शिकायत पर केस दर्ज कर गहन जांच शुरू कर दी गई है. पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य संपर्कों, हथियारों के संभावित निशानों और तकनीकी पहलुओं की जांच कर रही है. IG ने कहा कि BSF के साथ मिलकर दूसरी रक्षा पंक्ति, एंटी-ड्रोन टीमों और लगातार चलाए जा रहे कॉर्डन एंड सर्च ऑपरेशन (CASO) के जरिए सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था सख्त की गई है. उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाले किसी भी असामाजिक तत्व को बख्शा नहीं जाएगा.