चीन की एक शादी काफी चर्चा में है. इस शादी में खास बात ये थी कि जिसकी शादी थी, वो गेस्ट को पर्सनली नहीं जानते थे. शादी में सभी अनजान लोग थे और वो अनजान लोग अपने साथ गिफ्ट भी लेकर आए थे और कुछ तो खाने पीने का सामान भी लेकर आए थे. आपने शायद ही ऐसी शादी देखी होगी, जिसमें लोग खुशी से हिस्सा ले रहे थे और खाने का इंतजाम भी खुद कर रहे थे. दरअसल, ये शादी एक ऐसे शख्स की थी, जिसने रिश्तेदारों के ना आने की आशंका के चलते इंटरनेट पर अनजान लोगों को शादी में शामिल होने के लिए इनवाइट किया था.
लेकिन, उसे शायद अंदाजा भी नहीं था कि उसके इस छोटे से न्योते का इतना बड़ा असर होगा. देखते ही देखते बड़ी संख्या में अनजान लोग उसकी मदद के लिए पहुंचने लगे. कोई शादी के लिए गिफ्ट लेकर आया, तो किसी ने खाने की तैयारी की जिम्मेदारी संभाली. कुछ लोगों ने शादी की गाड़ियां जुटाईं, तो कुछ ने घर सजाने में मदद की. शादी से पहले दूल्हे ने एक वीडियो शेयर कर बताया था कि जब वह प्राइमरी स्कूल में पढ़ता था, तभी उसके पिता का निधन हो गया था. बाद में उसकी मां ने दूसरी शादी कर ली. ऐसे में वह और उसका बड़ा भाई एक-दूसरे का सहारा बनकर बड़े हुए.
इन तमाम मुश्किलों के बावजूद उसने मेहनत की और अपनी शादी के लिए पर्याप्त पैसे जमा किए. हालांकि, शादी में शामिल होने के लिए उसके पास ज्यादा रिश्तेदार नहीं थे. उसे डर था कि शादी का समारोह सूना और उदास रह जाएगा. इसी वजह से उसने सोशल मीडिया पर अनजान लोगों को शादी में आने का न्योता दिया. उसे उम्मीद थी कि कुछ लोग आ जाएंगे, जिससे शादी में रौनक रहेगी.
वीडियो में कहा गया, 'उसने अपनी पसंद की लड़की से शादी करने के लिए कड़ी मेहनत करके पैसे तो जमा कर लिए थे, लेकिन शादी में शामिल होने के लिए उसके पास ज्यादा रिश्तेदार नहीं थे. इसलिए उसने इंटरनेट यूजर्स को न्योता दिया.'
कैसा था शादी का माहौल
दूल्हे के इस न्योते का असर लगभग तुरंत दिखने लगा. कई लोगों ने शादी में आने की बात कही. एक यूजर ने लिखा, 'हम आ रहे हैं!' शादी में पहुंचे लोगों ने सिर्फ मेहमान बनकर खाना नहीं खाया, बल्कि आयोजन में बढ़-चढ़कर मदद भी की. कई लोग अपने साथ गिफ्ट और खाने-पीने का सामान लेकर पहुंचे. कुछ शेफ ने बिना पैसे लिए शादी का खाना बनाने की जिम्मेदारी संभाल ली.
वहीं, कुछ लोगों ने शादी के लिए गाड़ियों का इंतजाम किया. इनमें से एक शख्स ने दूल्हा-दुल्हन के लिए मेबैक कार भी उपलब्ध कराई. मेहमान अपने साथ शादी की मोमबत्तियां लेकर आए और घर को सजाने में भी मदद की. इस तरह अनजान लोगों ने मिलकर उस शादी को खास बना दिया, जिसके सूने रह जाने की आशंका दूल्हे को सता रही थी.
इस शादी की कहानी सोशल मीडिया पर लोगों को भावुक कर रही है. कई यूजर्स इस बात पर चर्चा कर रहे हैं कि जब दूल्हे ने इतने सारे अनजान लोगों को अपनी खुशी में शामिल होते देखा होगा, तो उसे कैसा महसूस हुआ होगा.