करवा चौथ का त्योहार हो और अभिनेत्रियों के खूबसूरत लुक की चर्चा न हो, ऐसा कैसे हो सकता है. हर साल की तरह इस बार भी टीवी और बॉलीवुड की हसीनाएं अपने 16 श्रृंगार से अपने फैंस का दिल जीत रही हैं. इनमें टीवी एक्ट्रेस युविका चौधरी का नाम भी शामिल है. युविका यूं तो हर रंग में खूबसूरत लगती हैं, लेकिन करवा चौथ के लिए एक्ट्रेस ने सुर्ख लाल जोड़ा पहना. प्रिस नरूला से शादी के 8 साल बाद भी वो किसी नई-नवेली दुल्हन जैसे सजीं.
इस बार युविका चौधरी ने अपने करवा चौथ सेलिब्रेशन में एक ऐसे पल से सबका ध्यान खींच लिया, जिसने उनके फैंस के चेहरे पर मुस्कान ला दी. सुर्ख लाल जोड़े में दुल्हन की तरह सजीं युविका ने पूरे रीति-रिवाज से चांद निकलने का इंतजार किया, लेकिन जब व्रत खोलने की बारी आई तो छलनी से चांद देखने के बाद उन्होंने फोन की स्क्रीन पर पति प्रिंस नरूला की तस्वीर का दीदार किया. उनकी प्यारी तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं.
लाल अनारकली सूट में दुल्हन सी सजीं युविका
करवा चौथ के मौके पर युविका चौधरी ने अपने खूबसूरत ट्रेडिशनल लुक से फैंस का ध्यान खींच लिया. उन्होंने इंस्टाग्राम पर तस्वीरों शेयर कीं, जिनमें वह सुर्ख लाल रंग के अनारकली सूट में नजर आ रही हैं. उनके सूट पर गोल्डन रंग की बारीक कढ़ाई की गई है, जो पूरे आउटफिट को बेहद खूबसूरत और रॉयल लुक दे रही है. सूट का घेरदार डिजाइन और उस पर की गई कारीगरी उनके लुक को खास बना रही है. लाल रंग के इस खूबसूरत जोड़े में युविका किसी नई नवेली दुल्हन जैसी लग रही हैं.
मांग में सिंदूर, माथे पर बिंदी और बालों में गजरा
युविका ने अपने ट्रेडिशनल लुक को छोटी-छोटी चीजों से और खास बनाया. उन्होंने मांग में सिंदूर लगाया और माथे पर लाल बिंदी लगाई. वहीं, बालों में सजा सफेद गजरा उनके लुक में चार चांद लगा रहा था. उन्होंने चेहरे पर हल्का मेकअप किया, जिसमें उनकी खूबसूरती साफ नजर आ रही थी. लाल सूट के साथ सिंदूर, बिंदी और गजरे का कॉम्बिनेशन उन्हें पूरी तरह करवा चौथ वाले ट्रेडिशनल अंदाज में ढाल रहा था.
डायमंड रिंग और मंगलसूत्र ने बढ़ाई खूबसूरती
युविका ने अपने आउटफिट के साथ जूलरी का भी खास ध्यान रखा. उन्होंने गले में मंगलसूत्र पहना, जबकि कानों में पहने ट्रेडिशनल ईयररिंग्स उनके लुक के साथ खूब जंच रहे थे. हाथों में उन्होंने खूबसूरत चूड़ियां और डिजाइनर कड़े पहने थे. इसके अलावा उनकी उंगली में चमकती बड़ी डायमंड रिंग भी खास ध्यान खींच रही थी. हाथों पर लगी मेहंदी और नेलपेंट ने उनकी खूबसूरती को और बढ़ा दिया. कुल मिलाकर, युविका की जूलरी से लेकर सूट की हर डीटेल उनके लुक को खास बना रही थी.
छलनी से चांद देखा, फिर फोन पर किया पति प्रिंस का दीदार
युविका के करवा चौथ सेलिब्रेशन की सबसे खास बात उनका व्रत खोलने का अंदाज रहा. तस्वीरों में वह हाथों में पूजा की थाली और छलनी लिए नजर आ रही हैं. करवा चौथ पर महिलाएं चांद निकलने का इंतजार करती हैं और उसके दर्शन करने के बाद छलनी से पति का चेहरा देखकर व्रत खोलती हैं. युविका ने भी इस परंपरा को निभाया. उन्होंने पहले छलनी से चांद के दर्शन किए और फिर मोबाइल फोन की स्क्रीन पर पति प्रिंस नरूला की तस्वीर देखी. इसके बाद उन्होंने अपना व्रत खोला.