आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शनिवार को केंद्र की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई को सरकारी संरक्षण प्राप्त है. उन्होंने बीजेपी पर तंज कसते हुए बिश्नोई को 'ईडी पार्टी' का दामाद बताया. जालंधर में पंजाब राज्य व्यापारी आयोग की बैठक में शामिल होने के बाद आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केजरीवाल ने कहा कि गुजरात की साबरमती जेल में बंद लॉरेंस बिश्नोई को केंद्र सरकार का संरक्षण प्राप्त है.
उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्रीय गृह मंत्रालय ने यह सुनिश्चित किया है कि लॉरेंस बिश्नोई गुजरात की जेल में ही रहे, जहां से वह अपना आपराधिक नेटवर्क संचालित कर रहा है. केजरीवाल ने कहा, 'आज केवल एक ही गैंगस्टर बचा है, लॉरेंस बिश्नोई. वह साबरमती जेल में बैठा है और ईडी पार्टी का दामाद है. उसे पूरा संरक्षण दिया गया है.' AAP प्रमुख ने दावा किया कि पंजाब में अगर लॉरेंस बिश्नोई या उसकी गैंग कोई अपराध करते हैं, इसके बावजूद पंजाब पुलिस उसे पूछताछ के लिए राज्य में नहीं ला सकती और अधिकारियों को खुद साबरमती जेल जाकर उससे पूछताछ करनी पड़ती है.
AAP प्रमुख ने कहा, 'वह जेल में बैठकर न सिर्फ भारत बल्कि पूरी दुनिया में अपना नेटवर्क चला रहा है. पंजाब पुलिस के अधिकारियों को उससे पूछताछ के लिए गुजरात जाना पड़ता है. उसे हर तरह की सुविधाएं दी गई हैं.' केजरीवाल ने यह भी दावा किया कि आम आदमी पार्टी की सरकार के कार्यकाल में पंजाब में कोई नया गैंगस्टर पैदा नहीं हुआ. उन्होंने कहा, 'पंजाब में सत्ता संभालने के बाद आम आदमी पार्टी सरकार को जिन सबसे बड़ी चुनौतियों का सामना करना पड़ा, उनमें गैंगस्टर नेटवर्क और नशे का कारोबार शामिल था. मैंने राज्य में सक्रिय प्रत्येक गैंगस्टर का इतिहास खंगाला है और पाया कि वे या तो पुरानी राजनीतिक पार्टियों से जुड़े रहे हैं या उन्हीं की उपज हैं.'
🔴 Punjab Traders Meeting: Shri @ArvindKejriwal's Explosive Speech on Business & Growth pic.twitter.com/TyRSrKJpby
— AAP (@AamAadmiParty) June 13, 2026
अरविंद केजरीवाल ने बताया कि उनकी सरकार सात अलग-अलग देशों से सात गैंगस्टरों को वापस पंजाब लेकर आई है और संगठित अपराध व नशा तस्करी के खिलाफ अभियान जारी है. नशे के मुद्दे पर भी केंद्र सरकार को घेरते हुए केजरीवाल ने आरोप लगाया कि भाजपा शासित गुजरात देश में मादक पदार्थों की तस्करी का बड़ा केंद्र बन गया है. उन्होंने कहा, 'जब हमारी सरकार पंजाब में आई थी तब 70 फीसदी नशा पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए आता था और 30 फीसदी गुजरात से. आज 70 फीसदी नशा और चिट्टा गुजरात से आ रहा है.'
उन्होंने दावा किया कि पंजाब सरकार ने एंटी-ड्रोन सिस्टम की मदद से पाकिस्तान सीमा से होने वाली नशा तस्करी पर काफी हद तक नियंत्रण पा लिया है. अरविंद केजरीवाल ने वर्ष 2021 में गुजरात के मुंद्रा पोर्ट पर करीब 3,000 किलोग्राम मादक पदार्थों की बरामदगी का जिक्र करते हुए कहा कि गुजरात देश में ड्रग्स की एंट्री का बड़ा गेटवे बन चुका है. उन्होंने गुजरात में कथित रूप से गायब हुए ड्रग्स स्टॉक को लेकर भी सवाल उठाए और पूछा कि आखिर कितनी मात्रा में नशीले पदार्थ जांच एजेंसियों की नजर से बच निकलते हैं. उन्होंने आरोप लगाया, 'आज गुजरात पूरे देश में ड्रग्स पहुंचाने का गेटवे बन गया है और यहां भी ईडी पार्टी की सरकार है.'