दिल्ली में INDIA गठबंधन की महारैली को लेकर बीजेपी और कांग्रेस के बीच जुबानी जंग जारी है. इस बीच लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने बीजेपी पर बड़ा आरोप लगाया है. उन्होंने दावा किया कि दिल्ली के कनॉट प्लेस में बीजेपी ने जबरदस्ती सभी दुकानें बंद करवा दी हैं. राहुल गांधी ने सवाल उठाया कि आखिर व्यापारियों का नुकसान कौन कर रहा है?
राहुल गांधी ने कहा, 'हमने सब लोगों से कहा कि जब आप मार्च और महारैली के लिए यहां आएंगे, तो चीजें खरीदें, खरीदारी करें. मगर यहां कनॉट प्लेस में आते हुए हमें पता लगा कि बीजेपी ने सारी की सारी दुकानें जबरदस्ती बंद करवा दीं. तो व्यापारियों का नुकसान कौन कर रहा है, कैसे हो रहा है, यह आप जान लीजिए.'
रैली में आने वाले लोगों से खरीदारी की अपील
इससे पहले शनिवार देर शाम राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट कर दिल्ली आने वाले लोगों से स्थानीय व्यापारियों की मदद करने की अपील की थी. उन्होंने कहा था कि जो लोग रैली और मार्च में शामिल होने के लिए दिल्ली आ रहे हैं, वे यहां की दुकानों से सामान भी खरीदें.
राहुल गांधी ने कहा था कि दिवाली, छठ और भाईदूज का समय है. ऐसे में बाहर से दिल्ली आने वाले लाखों लोग अगर छोटी-छोटी दुकानों से सामान खरीदेंगे, तो स्थानीय व्यापारियों को फायदा होगा.
उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा था, 'प्रोटेस्ट, मार्च, रैली कीजिए, साथ में थोड़ी सी खरीदारी भी कीजिए- व्यापारियों का फायदा हो जाएगा.'
'बीजेपी डर की वजह से अफवाह फैला रही है'
राहुल गांधी ने बीजेपी पर आरोप लगाया था कि वह रैली से व्यापारियों को नुकसान होने की अफवाह फैला रही है. उन्होंने दावा किया कि विपक्ष की रैली से व्यापारियों को नुकसान नहीं होगा, बल्कि दिल्ली आने वाले लोगों की खरीदारी से उन्हें फायदा होगा. राहुल गांधी ने कहा था कि बीजेपी डर की वजह से ऐसी अफवाहें फैला रही है. अब उन्होंने कनॉट प्लेस की दुकानों को जबरन बंद कराए जाने का आरोप लगाते हुए बीजेपी पर पलटवार किया है.
चुनावी अनियमितताओं के खिलाफ विपक्ष की महारैली
दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित INDIA गठबंधन की महारैली कथित चुनावी अनियमितताओं के खिलाफ विपक्ष के शक्ति प्रदर्शन के तौर पर आयोजित की जा रही है. विपक्षी दल मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग भी कर रहे हैं.
इसी रैली को लेकर बीजेपी और कांग्रेस के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है. एक ओर बीजेपी रैली से व्यापारियों को नुकसान होने का मुद्दा उठा रही है, वहीं राहुल गांधी ने आरोप लगाया है कि बीजेपी खुद दुकानें बंद करवाकर व्यापारियों को नुकसान पहुंचा रही है.