बांकीपुर उपचुनाव में मंगलवार को बड़ा दिलचस्प मोड़ आ गया है. यहां तेजप्रताप की पार्टी से उम्मीदवार वीणा मानवी का नामांकन रद्द कर दिया गया है. वीणा मानवी के नामांकन के दौरान भी काफी हंगामा देखने को मिला था. उन्हें नामांकन के ठीक बाद गिरफ्तार कर लिया गया था.
जेजेडी से प्रत्याशी थीं वीणा मानवी
बिहार के बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में मंगलवार को बड़ा घटनाक्रम सामने आया है. यहां तेज प्रताप यादव की पार्टी जनतांत्रिक जनता दल की प्रत्याशी वीणा मानवी का नामांकन पत्र रद्द कर दिया गया है. जांच के दौरान निर्वाचन अधिकारियों ने पाया कि उनके नामांकन पत्र में निर्धारित नियमों का पालन नहीं किया गया था.
प्रत्याशी के नामांकन पत्र पर 10 प्रस्तावकों (प्रपोजर) के हस्ताक्षर होना अनिवार्य होता है. वीणा मानवी के नामांकन पत्र में केवल 9 प्रस्तावकों के हस्ताक्षर पाए गए. इसी तकनीकी कमी के चलते उनका नामांकन खारिज कर दिया गया.
नामांकन के दौरान हुआ था हाई वोल्टेज ड्रामा
गौरतलब है कि वीणा मानवी का नामांकन पहले भी विवादों में रहा था. सोमवार को नामांकन दाखिल करने के दौरान काफी हंगामा हुआ था और नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के तुरंत बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार भी कर लिया था. अब नामांकन रद्द होने के साथ ही बांकीपुर उपचुनाव में तेज प्रताप यादव की पार्टी जनतांत्रिक जनता दल को बड़ा झटका लगा है.
बता दें कि सोमवार को वीणा मानवी नामांकन के बाद जैसे ही पटना समाहरणालय से निकलीं, पटना के गांधीनगर थाने की पुलिस वहां मौजूद थी. पुलिस वीणा मानवी के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट लेकर पहुंची थी. कोर्ट से जारी वारंट के आधार पर पुलिस ने वीणा मानवी को गिरफ्तार करने की कोशिश की, तो मौके पर मौजूद उनके समर्थक पुलिस से उलझ गए.
सोमवार शाम कोर्ट से मिल गई थी जमानत
वीणा मानवी, उनके समर्थकों और गांधीनगर पुलिस के बीच इस दौरान तीखी तकरार हुई. पटना के गांधीनगर थाने की पुलिस ने अंत में कोर्ट से जारी वारंट का हवाला देते हुए हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद वीणा मानवी को गिरफ्तार कर लिया.
पटना पुलिस वीणा मानवी को गिरफ्तार कर गांधीनगर थाने ले गई थी. ऐसा माना जा रहा था कि किसी पुराने मामले में पुलिस ने ये कार्रवाई की थी. हालांकि बाद में वीणा मानवी को कोर्ट से जमानत मिल गई थी.