स्पेन के कैनरी आइलैंड के पास खड़े नीदरलैंड के झंडे वाले क्रूज शिप एमवी होंडियस (MV Hondius) पर 'हंता वायरस' (Hantavirus) संक्रमण फैलने की आशंका के बीच मौजूद दो भारतीय क्रू मेंबर पूरी तरह स्वस्थ हैं. उन्हें क्वारंटीन में रखा गया है और उनमें हंतावायरस संक्रमण के कोई लक्षण नहीं दिखाई दिए हैं. मैड्रिड स्थित भारतीय दूतावास ने रविवार को यह जानकारी दी.
इस क्रूज शिप पर करीब 150 लोग सवार हैं, जिसे हंता वायरस संक्रमण से जुड़े अलर्ट के बाद इंटरनेशनल हेल्थ मॉनिटरिंग के तहत स्पेन पहुंचने पर रोका गया था. हालांकि विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) और स्पेनिश प्रशासन द्वारा तय सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करने के बाद यात्रियों को जहाज से उतरने की अनुमति दे दी गई.
भारतीय दूतावास के मुताबिक जहाज पर काम कर रहे दोनों भारतीय नागरिकों को अब नीदरलैंड भेज दिया गया है, जहां उन्हें एहतियात के तौर पर क्वारंटीन और स्वास्थ्य निगरानी में रखा जाएगा. दूतावास ने 10 मई को जारी बयान में कहा, 'दोनों भारतीय नागरिक स्वस्थ हैं और उनमें संक्रमण का कोई लक्षण नहीं है.'
Press Release on 2 Indian nationals onboard the MV Hondius vessel
———
Comunicado de prensa sobre dos ciudadanos indios a bordo del buque MV Hondius@MEAIndia @IndianDiplomacy @PIB_India @AmbSibiGeorge pic.twitter.com/hbfdCZTmW5— India in Spain (@IndiainSpain) May 10, 2026
यह भी पढ़ें: 'भारत में घबराने की जरूरत नहीं', क्रूज शिप पर हंता वायरस मामलों के बाद विशेषज्ञों ने साफ की स्थिति
दूतावास ने यह भी बताया कि भारतीय अधिकारी स्पेनिश प्रशासन के लगातार संपर्क में हैं और दोनों भारतीयों की सुरक्षा और स्वास्थ्य की नियमित निगरानी की जा रही है. यह मामला ऐसे समय सामने आया है जब यूरोप की स्वास्थ्य एजेंसियों ने एमवी होंडियस जहाज से जुड़े हंता वायरस संक्रमण की खबरों के बाद सतर्कता बढ़ा दी है.
हंता वायरस चूहों से फैलने वाली एक संक्रामक बीमारी है, जो दुर्लभ मामलों में जानलेवा हो सकती है. कुछ मामलों में इस संक्रमण से सांस संबंधी गंभीर बीमारी हो सकती है. हालांकि विशेषज्ञों का कहना है कि इस वायरस के चलते फिलहाल भारत में किसी तरह के हेल्थ इमरजेंसी की स्थिति नहीं है. सरकार ने एयरपोर्ट और बंदरगाहों पर निगरानी बढ़ा दी है.