इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) के डायरेक्टर तपन डेका 30 जून को रिटायर हो रहे हैं. इसके साथ ही देश की सबसे अहम घरेलू खुफिया एजेंसी के प्रमुख के तौर पर उनका चार साल का कार्यकाल समाप्त हो जाएगा. 1980 के बाद किसी भी IB प्रमुख का यह सबसे लंबा लगातार कार्यकाल माना जा रहा है.
हिमाचल प्रदेश कैडर के 1988 बैच के IPS अधिकारी तपन डेका को अपने करियर की शुरुआत में ही इंटेलिजेंस ब्यूरो के लिए चुना गया था. उन्होंने जुलाई 2022 में डायरेक्टर, इंटेलिजेंस ब्यूरो (DIB) का पद संभाला था. उनके कार्यकाल के दौरान केंद्र सरकार ने उन्हें एक-एक साल के दो सेवा विस्तार (एक्सटेंशन) भी दिए, जो इस पद पर काफी दुर्लभ माना जाता है.
1980 के बाद सबसे लंबा कार्यकाल
तपन डेका का चार साल का लगातार कार्यकाल 1980 के बाद किसी भी IB प्रमुख का सबसे लंबा रहा है. उनसे पहले एसएन माथुर ने अगस्त 1975 से फरवरी 1980 तक करीब साढ़े चार साल तक एजेंसी का नेतृत्व किया था.
वहीं, IB के इतिहास में सबसे लंबे समय तक प्रमुख रहने का रिकॉर्ड बीएन मुल्लिक के नाम है, जिन्होंने 1950 से 1964 तक 14 साल से अधिक समय तक एजेंसी की कमान संभाली थी.
कार्यकाल में कई बड़ी सुरक्षा चुनौतियां
तपन डेका के नेतृत्व में इंटेलिजेंस ब्यूरो ने कई संवेदनशील सुरक्षा चुनौतियों पर काम किया. इनमें जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 हटने के बाद की सुरक्षा स्थिति, आतंकवाद विरोधी अभियान, खालिस्तान समर्थित गतिविधियों से जुड़ी चुनौतियां, साइबर जासूसी और नार्को-टेरर नेटवर्क पर निगरानी शामिल रही.
उनके कार्यकाल में तकनीक आधारित खुफिया तंत्र (टेक इंटेलिजेंस) को मजबूत करने, विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय और राज्य पुलिस के साथ सूचना साझा करने की व्यवस्था को भी मजबूती मिली.
अब महेश दीक्षित संभालेंगे जिम्मेदारी
तपन डेका के रिटायर होने के बाद इंटेलिजेंस ब्यूरो की कमान 1993 बैच के आंध्र प्रदेश कैडर के IPS अधिकारी महेश दीक्षित संभालेंगे. वे इससे पहले श्रीनगर में स्पेशल इंटेलिजेंस ब्यूरो (SIB) के प्रमुख के रूप में कार्यरत रहे हैं. उनसे देश की आंतरिक सुरक्षा और खुफिया तंत्र को आगे मजबूत करने की उम्मीद की जा रही है.