scorecardresearch
 

कोयंबटूर: बच्ची से यौन उत्पीड़न और हत्या मामले में BJP और TVK आमने-सामने,  मंत्री एस. कीर्तना को घेरा

तमिलनाडु के कोयम्बटूर में 10 साल की बच्ची के यौन उत्पीड़न और हत्या के मामले ने अब राजनीतिक रूप ले लिया है. इस गंभीर मुद्दे पर पत्रकारों के सवालों के दौरान कथित तौर पर मुस्कुराने को लेकर बीजेपी ने तमिलनाडु की उद्योग मंत्री एस कीर्तना पर असंवेदनशीलता का बड़ा आरोप लगाया है.

Advertisement
X
तमिलनाडु मासूम बच्ची हत्या मामले में मंत्री की मुस्कुराहट पर BJP का आरोप. (photo: ITG)
तमिलनाडु मासूम बच्ची हत्या मामले में मंत्री की मुस्कुराहट पर BJP का आरोप. (photo: ITG)

भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने रविवार को तमिलनाडु की उद्योग मंत्री एस कीर्तना पर कोयम्बटूर में 10 वर्षीय मासूम बच्ची के साथ हुए यौन उत्पीड़न और हत्या के मामले में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कथित तौर पर मुस्कुराने और "अत्यधिक असंवेदनशीलता" दिखाने का गंभीर आरोप लगाते हुए तीखा हमला बोला.

दरअसल, आधिकारिक प्रशासनिक बैठक के बाद मीडियाकर्मियों ने जब मंत्री से इस जघन्य हत्याकांड पर सवाल पूछा तो उन्होंने इसे टालते हुए कहा कि वह केवल "प्रशासनिक प्रश्नों" का ही उत्तर देंगी. इस पूरी बातचीत के दौरान मंत्री के चेहरे पर दिखी कथित मुस्कान के बाद उपजे राजनीतिक विवाद के बीच भारतीय जनता पार्टी के नेता विनोज पी सेल्वम ने राज्य की कानून-व्यवस्था की स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं. 

दूसरी तरफ मुख्यमंत्री जोसेफ विजय ने इस अमानवीय घटना को पूरी तरह अक्षम्य बताते हुए पुलिस को अपराधियों के खिलाफ पोक्सो एक्ट (POCSO) के तहत सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई करने के कड़े निर्देश दिए हैं.

BJP नेता ने लगाए गंभीर आरोप

बीजेपी नेता विनोज पी सेल्वम ने राज्य सरकार को घेरते हुए आरोप लगाया कि एक तरफ जहां 10 साल की मासूम बच्ची की बेरहमी से हत्या कर दी गई, वहीं राज्य की महिला मंत्री इस संवेदनशील और दुखद घटना पर पूछे गए सवाल को हंसकर टाल रही हैं. 

Advertisement

सेल्वम ने मंत्री के उस सोशल मीडिया पोस्ट की भी कड़ी आलोचना की, जिसमें उन्होंने अपनी मुस्कान को स्वाभाविक बताया था. बीजेपी नेता ने कहा कि ये प्रतिक्रिया तमिलनाडु की जनता के प्रति पूरी तरह असंवेदनशील है.

मेरे बयान के तोड़ा-मरोड़ा गया: कीर्तना

इन तीखे आरोपों पर पलटवार करते हुए उद्योग मंत्री एस कीर्तना ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी सफाई पेश की. उन्होंने कहा कि उनके चेहरे के हाव-भाव को राजनीतिक उद्देश्यों के लिए जानबूझकर तोड़ा-मरोड़ा जा रहा है.

कीर्तना ने स्पष्ट किया कि उनकी मुस्कान मीडिया के साथ पूरी बातचीत खत्म होने के बाद आई थी, न कि किसी विशिष्ट प्रश्न या इस दुखद घटना की प्रतिक्रिया के रूप में.

मंत्री कीर्तना ने इस अपराध को बेहद जघन्य बताते हुए कहा कि इस घटना से उन्हें और सरकार को गहरा दुख पहुंचा है. उन्होंने बताया कि मामला सामने आते ही मुख्यमंत्री जोसेफ विजय ने तुरंत कड़े एक्शन के आदेश दिए थे. इसके बाद पुलिस ने 5 विशेष टीमों का गठन किया, 250 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी निगरानी की मदद से 24 घंटे के अंदर मुख्य आरोपी कार्थी और मोहनराज को गिरफ्तार कर लिया.

कीर्तना ने यह भी कहा कि तमिलनाडु सरकार गिरफ्तार आरोपियों कार्थी और मोहनराज के खिलाफ यौन अपराधों से बच्चों के संरक्षण अधिनियम (पीओसीएसओ) के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई करेगी. उन्होंने कहा, 'बच्चों के लिए न्याय और महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा इस सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है.'

Advertisement

दूसरी तरफ विपक्ष के प्रमुख नेताओं उदयनिधि स्टालिन, एडप्पादी के पलानीस्वामी, टीटीवी दिनाकरण और अंबुमणि रामदास ने भी इस भयानक अपराध की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों को सख्त सजा देने की मांग की है.

क्या है मामला

बता दें कि कोयम्बटूर के सुलुर पुलिस स्टेशन की सीमा में रहने वाली यह 10 वर्षीय बच्ची 21 मई को शाम करीब 5 बजे अपने घर के बाहर खेलते समय अचानक लापता हो गई थी. परिवार की शिकायत पर पुलिस ने तलाशी अभियान शुरू किया, जिसके बाद नागपट्टिनम जिले के रहने वाले 33 वर्षीय के कार्थी को एक अपार्टमेंट से गिरफ्तार किया गया. कार्थी पीड़ित परिवार का परिचित था और उसने ही बहला-फुसलाकर बच्ची का अपहरण किया था, जबकि दूसरे आरोपी को आपराधिक साजिश के लिए पकड़ा गया है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement