कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे समेत आठ नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसदों ने सोमवार को शपथ ली. खड़गे को दोबारा विपक्ष का नेता (LoP) नियुक्त किया गया है. इन आठ सांसदों में बीजेपी नेता तरुण चुघ भी शामिल हैं.
राज्यसभा के सभापति सी पी राधाकृष्णन ने नए सदस्यों को पद की शपथ दिलाई. वहीं, खड़गे को 26 जून से ही राज्यसभा में विपक्ष का नेता फिर से नियुक्त किया गया.
कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने बाद में कहा कि वह सरकार को जवाबदेह ठहराने के अलावा, सदन में लोगों की चिंताओं, आकांक्षाओं और उनकी आवाज को ईमानदारी और दृढ़ विश्वास के साथ उठाते रहेंगे.
वहीं, राधाकृष्णन ने खड़गे को बधाई दी और कहा कि उच्च सदन को उनके लंबे अनुभव का लाभ मिलेगा.
खड़गे के साथ राधाकृष्णन ने राज्यसभा कक्ष में सात अन्य नए और दोबारा चुने गए सदस्यों को शपथ दिलाई. इनमें मानसिंह मेरामन परमार, तरुण चुघ, अलका सिंह, जितेंद्र मेघजीभाई कंजारिया, राजेंद्र हीरालाल जैन, एम नागराजा और अधिकारिमयुम शारदा देवी शामिल हैं.
बता दें, न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक चार सदस्यों ने हिंदी में, एक ने कन्नड़ में, एक ने पंजाबी में और एक ने मणिपुरी में शपथ ली. जहां दो सदस्य गुजरात से हैं, वहीं कर्नाटक, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, मणिपुर और राजस्थान से एक-एक सदस्य उच्च सदन पहुंचे हैं.
खड़गे के शपथ ग्रहण के दौरान कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी, वायनाड की सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा, महासचिव के सी वेणुगोपाल, मुकुल वासनिक, जयराम रमेश और नसीर हुसैन मौजूद थे. वहीं, सूत्रों ने बताया कि खड़गे की पत्नी, बेटी और पोती भी अपने पति के साथ मौजूद थीं.
इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री जे पी नड्डा, संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू, कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल और राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश के साथ-साथ प्रफुल्ल पटेल और राज्यसभा के महासचिव पी सी मोदी भी मौजूद थे.