लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सोमवार को इंडिया ब्लॉक के नेताओं के साथ सुप्रीम कोर्ट तक मार्च निकाला और फिर शाम को SIR के खिलाफ याचिका दायर की. सोमवार को दिनभर इस मार्च को लेकर गहमा-गहमी की स्थिति बनी रही और मंडी हाउस से सुप्रीम कोर्ट के बीच की दूरी में जनसैलाब उमड़ा.
इस दौरान SIR के विरोध में नारे लगते रहे और इसी बीच राहुल गांधी की लीगल टीम ने सुप्रीम कोर्ट पहुंचकर याचिका दायर की. राहुल गांधी ने देर शाम एक वीडियो जारी कर इस मार्च में शामिल हुए लोगों का धन्यवाद किया, इसके साथ ही उन्होंने उन लोगों पर सवाल उठाए जिन्होंने सीजेपी प्रोटेस्ट के दौरान लड़कियों से मारपीट की थी.
राहुल गांधी ने वीडियो जारी कर कहा कि, 'आज के इस विरोध प्रदर्शन में शामिल होने वाले हर एक व्यक्ति का मैं दिल से धन्यवाद करना चाहता हूं. उन करोड़ों लोगों का भी धन्यवाद, जिन्होंने दोपहर 3 बजे अपने-अपने तरीके से इस आंदोलन को समर्थन दिया. इसके साथ ही उन्होंने INDIA गठबंधन के नेताओं, कांग्रेस पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं और INDIA गठबंधन के तमाम कार्यकर्ताओं का भी धन्यवाद दिया.
राहुल गांधी ने कहा कि, 'भारत की जनता डरने वाली नहीं है. आप हमें मारिए, धमकाइए, डराने की कोशिश कीजिए, लेकिन हम डरने वाले नहीं हैं. हम आपकी गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं करेंगे.
इसके साथ ही उन्होंने कहा कि, 'मैं सोच रहा था कि RSS के वो कायर लोग कहां थे, जो परसों हमारे युवा साथियों को पीट रहे थे? कहां थे वो लोग? आज तो मुझे उनमें से कोई दिखाई नहीं दिया. जब हम वहां खड़े हैं, जब देश की जनता वहां खड़ी है, तो तुम बाहर क्यों नहीं आते? अपनी छोटी-छोटी गमछियां पहनकर क्यों नहीं बाहर आते हो?
उन्होंने कहा कि, 'इसलिए आज जो कुछ हुआ, उसे देखकर बहुत खुशी होती है. मुझे आप सभी पर गर्व है. सबने एक टीम की तरह काम किया. जैसा कि मैंने अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा था, ये अलग-अलग प्रदर्शन नहीं हैं, यह एक ही आंदोलन है, जिसमें हम सब एक साथ खड़े हैं. हममें से हर एक व्यक्ति संविधान के इन हत्यारों, हमारे लोकतंत्र को कुचलने वालों के ख़िलाफ़ खड़ा होगा और हम एक कदम भी पीछे नहीं हटेंगे.'